उत्तर-मध्य भारत के कई हिस्सों में लगातार हो रही है बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त है। बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत अन्य हिस्सों में बादल जमकर बरस रहे हैं। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर को आज गर्मी से राहत मिलने के आसार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को अगले कुछ घंटों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। बता दें कि शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में उमस भरी गर्मी थी। यहां का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्यप्रदेश और राजस्थान में आज भी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि इन दोनों राज्यों में अगले 48 घंटे भारी से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन दोनों राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से राजस्थान और मध्यप्रदेश में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। इसके अलावा कई अन्य राज्यों में भी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
इन इलाकों में बारिश
भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। आईएमडी ने ट्वीट किया 'अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली, एनसीआर, हापुड़, अमरोहा, बुलंदशहर, बिलारी, बागपत, चंदौसी (यूपी) और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होगी।'
मध्यप्रदेश में बारिश से 12 लोगों की मौत, अलर्ट जारी
मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण अभी तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में सबसे ज्यादा तबाही ग्वालियर और चंबल क्षेत्रों में हुई है। आईएमडी ने मध्य प्रदेश के 17 जिलों में 'ऑरेंज और 'येलो अलर्ट के साथ भारी से भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने प्रदेश के पांच जिलों विदिशा, रायसेन, राजगढ़, गुना और अशोकनगर के अलग-अलग स्थानों पर 204 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान जताया है।
राजस्थान में बारिश से बुरा हाल
राजस्थान में भी बारिश से बुरा हाल है। लगातार बारिश के बाद एक घर की दीवार गिरने से एक बच्ची की मौत हो गई। झालावाड़ के खानपुर, सरोला और असनावर इलाके पिछले छह दिनों से बारिश के कारण पहले से ही बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहे है, लेकिन शुक्रवार की सुबह दो बांधों से 1.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद स्थिति और खराब हो गयी।
वहीं, राजस्थान में भारी बारिश के बाद हालात बिगड़ते जा रहे हैं। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कोटा संसदीय क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
Rajasthan: Lok Sabha Speaker and Kota-Bundi MP, Om Birla inspects flood-affected areas in Sangod city in Kota district on an inflatable boat "The floods have caused heavy losses. The situation is dire. In Hadoti, the flood has damaged crops," he says
आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया
भारतीय मौसम विभाग ने केरल के कई जिलों में भारी से भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।