दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण का स्तर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बहुत खराब श्रेणी (330) में दर्ज किया गया। प्रदूषण मापक एप समीर के अनुसार बुधवार को सुबह गाजियाबाद का एक्यूआई 332, नोएडा का 324, ग्रेटर नोएडा में 322, फरीदाबाद में 354, गुरुग्राम में 326 दर्ज किया गया।
राजस्थान में सर्दी का दौरा जारी
राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में सर्दी का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान अंता में 4.1 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 4.6 डिग्री, बूंदी एवं फतेहपुर में 4.9 डिग्री, सवाई माधोपुर में 5.0 डिग्री, भीलवाड़ा में 5.6 डिग्री, सीकर में 5.8 डिग्री, संगरिया में 7.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य में ज्यादातर हिस्सों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, हालांकि इसमें एक दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
22 जनवरी के लिए यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से 21 से 23 जनवरी तक दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश की संभावना है। 22 जनवरी के लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के जफरपुर और नरेला में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच कम रहा।
जफरपुर में अधिकतम तापमान 15 व नरेला में 14.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। गौरतलब है कि राजधानी में हिमालय की ओर से आने वाली हवाओं की वजह से लगातार सर्द दिन रिकॉर्ड हो रहा है। उधर, बुधवार को दिल्ली-एनसीआर की हवा बहुत खराब श्रेणी में रिकॉर्ड की गई। दिल्ली का एक्यूआई 322, फरीदाबाद का 359, गाजियाबाद 323, ग्रेटर नोएडा का 314, गुरुग्राम का 328 व नोएडा का 310 एक्यूआई रहा।
कोहरे की वजह से दो दर्जन से अधिक ट्रेनें देरी से चलीं
उत्तर भारत में कोहरे की वजह से ट्रेनों का समय पर चलना मुश्किल हो गया है। इस वजह से दिल्ली पहुंचने वाली कई ट्रेनें प्रतिदिन देरी से पहुंच रही हैं। रेलवे ट्रैक पर धुंध की वजह से तो कई ट्रेनें चार घंटे तक देरी से पहुंच रही हैं व यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। रेलवे ट्रैक पर धुंध की वजह से बुधवार को दो दर्जन से अधिक उत्तर रेलवे की ट्रेनें प्रभावित हुईं।
महाबोधि एक्सप्रेस जहां चार घंटे से अधिक देरी से चली तो सुपर फास्ट और प्रीमियम ट्रेनों की रफ्तार भी थम गई है। ओडिशा के पुरी से चल कर नई दिल्ली आने पहुंचने वाली पुरुषोतम एक्सप्रेस करीब पांच घंटे की देरी से पहुंची। इसी तरह हावड़ा से नई दिल्ली पहुंचने वाली पूर्वा एक्सप्रेस 2:45 घंटे की देरी से चली तो बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दो घंटा की देरी से पहुंची।