कर्नाटक पुलिस ने हिंदू महासभा के प्रदेश सचिव धर्मेंद्र को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। धर्मेंद्र ने पिछले दिनों मैसूर में एक मंदिर ढहाए जाने को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई और भाजपा सरकार को धमकी दी थी।
आरोपी धर्मेंद्र ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यहां तक कह दिया था कि हिंदुओं की रक्षा के लिए हमने गांधी तक को नहीं छोड़ा। तुम लोग हमारे लिया क्या चीज हो? हम तुम्हें भी नहीं छोड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री बोम्मई, पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा और मंत्री शशिकला जोले का नाम भी लिया था।
हाईकोर्ट के आदेश पर चल रहा मंदिरों पर बुल्डोजर
मैसूर प्रशासन जो भी कार्रवाई मंदिरों को लेकर कर रहा है, वह कर्नाटक हाईकोर्ट के आदेश पर कर रहा है। दरअसल कुछ दिन पहले कर्नाटक हाईकोर्ट ने सरकारी जमीनों पर बने अवैध निर्माणों पर सख्ती न करने के लिए सरकार को फटकार लगाई थी। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि 29 सितंबर, 2009 के बाद बना कोई भी अवैध धार्मिक निर्माण मान्य नहीं होगा।
चर्चों पर उठाया सवाल
हिंदू महासभा के नेता धर्मेंद्र ने इस पर कहा था कि मस्जिद और चर्च क्यों नहीं ढहाए जा रहे हैं, अगर हमारा संविधान समानता के अधिकार की बात करता है सिर्फ मंदिरों को क्यों निशाना बनाया जा रहा है।
धर्मेंद्र के आरोप पर राज्य सरकार ने कहा था कि उसे मैसूर जिला प्रशासन के मंदिर गिराने की योजना की जानकारी नहीं थी। सरकार इस पर बैठकर विचार-विमर्श करेगी, इसके बाद उचित दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे। साथ ही सरकार ने कहा कि तत्काल ऐसे अभियानों को रोकने के आदेश दे दिए थे।