पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बारे में फेसबुक लाइव में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में व्लॉगर (छोटे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट वाला) रोद्दुर रॉय के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रवक्ता रिजू दत्ता द्वारा चितपुर थाने में की गई शिकायत के बाद भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘‘मामले में जांच शुरू कर दी गई है, रॉय को जांच के तहत तलब किया गया है।’’ अपने सोशल मीडिया पोस्ट में अक्सर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने वाले रॉय ने फेसबुक लाइव के दौरान मुख्यमंत्री और टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। रॉय ने गायक केके के नजरूल मंच पर अंतिम संगीत कार्यक्रम में कुप्रबंधन के लिए सत्तारूढ़ दल को दोषी ठहराया।
राज्यपाल धनखड़ ने गायक केके की मौत के लिए शासन की विफलता को ठहराया जिम्मेदार
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने गायक कृष्णकुमार कुन्नथ (केके) की मौत के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए शनिवार को कहा कि नजरूल मंच पर कुप्रबंधन और प्रशासन की विफलता ही केके की मौत के लिए जिम्मेदार हैं।
गौरतलब है कि केके दक्षिण कोलकाता स्थित नजरूल मंच पर मंगलवार रात एक कॉलेज द्वारा आयोजित समारोह में अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। वहां करीब एक घंटे तक गाने के बाद जब केके वापस अपने होटल पहुंचे तो वह अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। इसके बाद अस्पताल पहुंचने पर उनकी मौत हो गई थी।
राज्यपाल ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों की संख्या पर नियंत्रण होना चाहिए था। धनखड़ ने नई दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले बागडोगरा हवाई अड्डे पर कहा कि ‘‘गायक की दुखद मौत से मेरा दिल पीड़ा से भर गया है। इससे अधिक कुप्रबंधन नहीं हो सकता था। प्रशासन की इससे और अधिक विफलता नहीं हो सकती थी। कार्यक्रम स्थल पर कोई जोखिम प्रबंधन प्रणाली नहीं थी। वहां कितने दर्शक आ रहे थे, इस पर नियंत्रण होना चाहिए था। संकट के दौरान प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की गई।’’
शहर के पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने शुक्रवार को कहा था कि ऐसी कोई स्थिति नहीं है जहां नजरूल मंच पर उपस्थित लोगों के पास जगह की कमी हो। उन्होंने कहा कि गायक के आगमन से काफी पहले एक सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में कार्यक्रम स्थल पर पुलिस व्यवस्था की गई थी।
ऐसे आरोप लगे हैं कि कार्यक्रम के दौरान वातानुकूलित प्रणाली ठीक से काम नहीं कर रही थी और वहां लगभग 7000 दर्शक थे, जो आयोजन स्थल की क्षमता से लगभग तीन गुना अधिक था।