महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गुरुवार को शिवसेना विधायक यामिनी जाधव की तरफ से मुस्लिम महिलाओं को बुर्का बांटने का वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में भाजपा की तरफ से प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे तुष्टीकरण की राजनीति को स्वीकार नहीं करती है।
मुंबई में शिवसेना विधायक यामिनी जाधव की तरफ से मुस्लिम महिलाओं को बुर्का बांटने का एक वीडियो गुरुवार को वायरल हुआ। सत्तारूढ़ सहयोगी भाजपा ने कहा कि यह उनका विशेषाधिकार है, लेकिन वह इस तरह की तुष्टीकरण की राजनीति को स्वीकार नहीं करती। बता दें कि यामिनी जाधव बायकुला निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, जहां मुस्लिम आबादी काफी है।
विज्ञापन
चुनाव के मद्देनजर नहीं बांट रहीं बुर्का- यामिनी जाधव
एक वीडियो में यामिनी जाधव बुर्का बांटती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरे वीडियो में वह यह कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि यह वितरण आगामी राज्य चुनावों को ध्यान में रखकर नहीं किया जा रहा है। वहीं यामिनी जाधव ने वीडियो में कहा, अगर विपक्ष को लगता है कि बुर्का, हिजाब बांटना यामिनी जाधव या यशवंत जाधव (उनके पति और शिवसेना नेता) की तरफ से मुसलमानों का विश्वास जीतने के लिए किया जा रहा है, तो यह कोई राजनीतिक 'जुमला' नहीं है।
भाजपा ने कहा- हम इसका समर्थन नहीं करते
मामले में भाजपा मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि उनकी पार्टी ऐसे कार्यक्रमों के पक्ष में नहीं है। आशीष शेलार ने कहा, स्थानीय विधायक का विशेषाधिकार है कि वह जो चाहे बांटे, लेकिन भाजपा बुर्का बांटने जैसी तुष्टीकरण की राजनीति को मंजूरी नहीं देती।
विज्ञापन
शिवसेना (यूबीटी) ने मामले में दिया अपना पक्ष
वहीं राज्य में विपक्षी पार्टी शिवसेना (यूबीटी) की प्रवक्ता सुषमा अंधारे ने कहा कि यामिनी जाधव को इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वह दलबदलू विधायकों के समूह से हैं जो अन्यथा हिंदुत्व की बात करते रहते हैं।