खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर भारत और कनाडा में तनाव बढ़ा हुआ है। कनाडा ने निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की संलिप्तता के आरोप लगाए हैं, जिसे भारत ने परले सिरे से नकार दिया था और आरोपों के संबंध में सबूत भी मांगे हैं। वहीं, इस मामले में कनाडा की कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका ने ही कनाडा को खुफिया सबूत दिये थे। जिसके बाद कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने अपनी टीम को भारत-अमेरिका रिश्तों को लेकर चेतावनी दी थी। वहीं अब अमेरिकी दूतावास ने इन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है।
गुरुवार को अमेरिकी दूतावास ने उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने अपनी टीम को ओटावा के साथ नई दिल्ली के राजनयिक विवाद के भारत अमेरिका संबंधों पर संभावित प्रभाव के बारे में सचेत किया था।
अमेरिकी दूतावास ने किया खारिज
रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी दूतावास इन रिपोर्टों को खारिज करता है। राजदूत गार्सेटी संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के लोगों और सरकारों के बीच साझेदारी को गहरा करने के लिए हर दिन कड़ी मेहनत कर रहे हैं। राजदूत गार्सेटी और भारत में अमेरिकी मिशन भारत के साथ हमारी महत्वपूर्ण, रणनीतिक और परिणामी साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए हर दिन काम कर रहे हैं।
क्या दावा किया गया था?
बता दें कि पोलिटिको ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से कहा था कि गार्सेटी ने अपने देश की टीम को बताया था कि कनाडा के साथ राजनयिक विवाद के कारण, भारत और अमेरिका के बीच संबंध कुछ समय के लिए खराब हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि अमेरिका को अपरिभाषित अवधि के लिए भारतीय अधिकारियों के साथ अपने संपर्क कम करने की आवश्यकता हो सकती है।
क्या है पूरा मामला
भारत और कनाडा के आपसी रिश्ते इन दिनों सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं। दरअसल बीती जून में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक गुरुद्वारे के बाहर खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या कर दी गई थी। कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने इसका आरोप भारतीय एजेंट्स पर लगाया था और वहां की संसद में खड़े होकर कहा था कि उनकी खुफिया एजेंसियों को ऐसी सूचनाएं मिली हैं कि इस हत्या में भारत शामिल हो सकता है। जस्टिन ट्रूडो को आरोपों को भारत ने बेतुका बताकर खारिज कर दिया था। कनाडा ने भारत के एक राजनयिक को निष्कासित किया तो भारत ने भी जवाब में कनाडा के एक राजनयिक को निष्कासित कर दिया। इसके बाद भारत ने कनाडा के नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं भी निलंबित कर दी हैं। भारत सरकार ने कनाडा से निज्जर की हत्या में उसकी कथित संलिप्तता के कनाडा से सबूत देने की मांग की लेकिन अभी तक कनाडा की तरफ से कोई सबूत नहीं दिया गया है।
हाल ही में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर अमेरिका के दौरे पर रहे। वहां भी दोनों देशों के बीच भारत-कनाडा के बीच जारी विवाद पर बात हुई। जयशंकर ने इस दौरान कनाडा पर तीखा हमला बोला था।