संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्र सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया है। मोर्चा बृहस्पतिवार को मिशन उत्तर प्रदेश का एलान करेगा।
संयुक्त किसान मोर्चा (Samyukt Kisan Morcha) पश्चिम बंगाल की तर्ज पर उत्तर प्रदेश के चुनाव में भी भाजपा को वोट नहीं देने की अपील कर सकता है। मोर्चा बृहस्पतिवार को मिशन उत्तर प्रदेश का एलान करेगा। इसके लिए रविशंकर मार्ग पर एक अहम बैठक होगी।
इससे पहले संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने केंद्र सरकार को फिर से आंदोलन शुरू करने की सोमवार को चेतावनी दी थी। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि अगर सरकार पिछले साल दिसंबर में किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं करती है तो वह अपना आंदोलन फिर से शुरू करेगा। एसकेएम ने एक बयान में आरोप लगाया कि सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर एक समिति गठित करने और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामलों को वापस लेने सहित किसानों से किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है। साथ ही एसकेएम ने कहा है कि अगर सरकार अपने वादों से मुकरती रही तो किसानों के पास आंदोलन फिर से शुरू करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।