तमिलनाडु के उधगमंडलम में नरभक्षी बाघ ने शुक्रवार को एक और व्यक्ति को मार डाला। हाल के कुछ दिनों में वह चार लोगों की जान ले चुका है। इसे देखते हुए उधगमंडलम के मुख्य वन संरक्षक शेखर कुमार नीरज ने उसे तत्काल गोली मारने का आदेश दे दिया है।
पिछले शुक्रवार को इस टाइगर ने उधगमंडलम से करीब 80 किलोमीटर दूर एक चरवाहे को मार डाला था। इसके बाद वन विभाग ने उसकी खोजबीन शुरू की थी और उसे ट्रेंकुलाइज कर पकड़ने की मुहिम छेड़ी थी। हालांकि वह जख्मी होने के बाद भी वन विभाग के 100 लोगों की टीम को चकमा दे गया था। उसकी तलाश में जुटी टीम में केरल के स्पेशल टास्कफोर्स के कुछ लोग व दो हाथियों के दस्ते भी शामिल हैं। ये बीते छह दिन से उसे खोज रहे हैं।
29 सितंबर को नजर आया था
नरभक्षी बाघ 29 सितंबर को जंगल में नजर आया था, उस दिन उसने एक बकरी का शिकार किया था। इसके बाद वह अत्ताकराई गांव में घुस गया, यह मुदुमलाई टाइगर रिजर्व के तहत आता है। यहां उसने शुक्रवार दोपहर 85 साल के एक व्यक्ति को निशाना बनाया। इससे गांव वालों में दहशत फैल गई और वे उसे पकड़ने की मांग करने लगे। गुडालूर के विधायक पोन जयशीलन ने भी तत्काल कार्रवाई की मांग की।
यह बाघ अब तक चार लोगों और 20 गायों व बकरियों की भी जान ले चुका है। वन विभाग के सूत्रों ने कहा कि मुख्य वन संरक्षक नीरज ने हालात की गंभीरता व उसे ट्रेंकुलाइज कर बेहोश करने में विफल रहने के मद्देनजर गोली मारने का आदेश दिया है।