बंगलूरू दक्षिण के पुलिस उपायुक्त हरीश पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि पंक्चर ठीक करने की एक दुकान के साथ बने एक परिवहन गोदाम में विस्फोट हुआ। तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए हैं।
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में गुरुवार को पटाखा गोदाम में हुए विस्फोट में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। यह घटना थारागुपेट इलाके में घटी है। विस्फोट के तुरंत बाद सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
बंगलूरू दक्षिण के पुलिस उपायुक्त हरीश पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि पंक्चर ठीक करने की एक दुकान के साथ बने एक परिवहन गोदाम में विस्फोट हुआ। तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए हैं।उन्होंने यह भी बताया कि थारागुपेट इलाके में हुए विस्फोट के पीड़ितों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ अस्थिर रसायन के कारण विस्फोट हुआ जो एक औद्योगिक खेप का हिस्सा था।
विस्फोट की जांच जारी: पुलिस उपायुक्त
हरीश पांडेय ने बताया कि विस्फोट की जांच की जा रही है। यह न सिलेंडर विस्फोट था और न ही पटाखे से हुआ विस्फोट या शॉर्ट सर्किट से हुआ विस्फोट था। कम्प्रेसर के टुकड़े भी नहीं मिले। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञ विस्फोट की वजह पर अपनी राय देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि गोदाम में अब भी अस्थिर रसायन के 60 बक्से हैं। इस खेप के स्रोत और मालिक का पता लगाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट इतना ताकतवर था कि दो किलोमीटर तक के दायरे में आने वाले लोगों ने इसकी आवाज सुनी जबकि स्थानीय लोगों को लगा कि भूकंप आया है।