एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस समेत सभी बड़े नेता उतरे मैदान में
राहुल गांधी के अकाउंट ब्लॉक के विरोध में सभी बड़े मैदान में भी उतर गए हैं। एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस समेत दिल्ली कांग्रेस नेता अलका लांबा, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राजस्थान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई नेताओं ने राहुल गांधी की प्रोफाइल फोटो लगाई हैं। इसके अलावा राज्यों के सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर अकाउंट पर भी राहुल गांधी की तस्वीर लगाई गई है।
ट्विटर पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा, कांग्रेस नेताओं का अकाउंट सस्पेंड कर ट्विटर अपनी नीति का पालन कर रहा है या मोदी सरकार की? उसी तरह की तस्वीर शेयर करने के बावजूद ट्विटर ने अनुसूचित जाति आयोग के अकाउंट को ब्लॉक क्यों नहीं किया? बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं के अकाउंट ब्लॉक कर ट्विटर भाजपा सरकार के साथ मिलकर लोकतंत्र का गला घोंट रहा है.'
राहुल गांधी के अलावा जिन प्रमुख कांग्रेस नेताओं के अकाउंट पर ट्विटर ने पाबंदी लगाई है, उनमें रणदीप सुरजेवाला, अजय माकन, केसी वेणुगोपाल, हरीश रावत, पवन खेड़ा, गौरव वल्लभ, प्रणव झा आदि शामिल हैं। नेताओं के साथ कांग्रेस पार्टी के मुंबई कांग्रेस, महाराष्ट्र कांग्रेस, राजस्थान कांग्रेस, गुजरात कांग्रेस आदि राज्यों के ट्विटर अकाउंट भी लॉक कर दिए गए हैं।
एक नहीं एक करोड़ अकाउंट ब्लॉक हो जाएं हम पीछे नहीं हटेंगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने अमर उजाला से चर्चा करते हुए कहा, ट्विटर ने जो किया वह एक फोटो के संदर्भ में किया लेकिन अगर वही फोटो नेशनल कमीशन फॉर शिड्यूल कास्ट (एनसीएससी) डालता है साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डालते हैं तो कोई कार्रवाई नहीं होती है। हमारा मकसद केवल उस नौ वर्षीय दलित लड़की को न्याय दिलाना है। अगर हम लोग वहां नहीं जाते और ये सब नहीं करते तो मौजूद सरकार इस केस को बिना न्याय के ही रफादफा करना चाह रही थी। आज आरोपी भी पकड़े जा रहे हैं, उसका कारण है कि राहुल गांधी मौजूदा घटनास्थल पर गए और लोगों से बात की। इस पीड़िता को न्याय दिलाना का काम किया। अगर किसी दलित लड़की या दलित महिला को न्याय दिलाने के लिए ट्विटर अकाउंट ब्लॉक होता है तो ऐसे करोड़ ब्लॉक हो जाए पर दलित महिला को न्याय दिलाने का काम हम जरूर करेंगे।
राहुल ने भी सरकार और ट्विटर को लिया आड़े हाथों
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने और पार्टी के तमाम अकाउंट्स को ब्लॉक करने को ट्विटर पर निशाना साधा है। शुक्रवार सुबह उन्होंने ने एक वीडियो स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा, 'इस हरकत से ट्विटर ने यह साबित किया है कि वह न्यूट्रल प्लेटफॉर्म नहीं है। निवेशकों के लिए यह खतरनाक चीज है क्योंकि राजनीतिक मुकाबले में किसी की साइड लेना ट्विटर के लिए गलत अंजाम वाला हो सकता है।' हमारे लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। हमें संसद में भी बोलने नहीं दिया जा रहा है। मीडिया पर नियंत्रण है। मैं मानता हूं कि एक उम्मीद की किरण थी, जहां हम ट्वीट के जरिए अपनी बात रख सकते थे। लेकिन ऐसा नहीं है। इससे पता चलता है कि ट्विटर न्यूट्रल प्लेटफॉर्म नहीं है बल्कि ऑब्जेक्टिव है, जिसका कुछ लोग अपने तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं। यह पक्षपाती प्लेटफॉर्म है और यह वही सुनता है, जो मौजूदा सरकार कहती है।