पुलिस ने बताया कि 13 अक्तूबर को कलादेपा निवासी युवक बादल त्रिपुरा को एक स्थानीय युवक ने गोदाम से रबर शीट चुराने के आरोप में पकड़कर पीटा था। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया था।
दक्षिण त्रिपुरा जिले के सबरूम में चोरी के आरोप के गिरफ्तार किए गए युवक की घर पर मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस हिरासत के दौरान प्रताड़ना का आरोप लगाया। एक अधिकारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के बाद मनुबाजार थाने के पांच पुलिसकर्मियों को प्रताड़ना के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
विज्ञापन
सबरूम के एसडीपीओ नित्यानंद सरकार ने बताया कि 13 अक्तूबर को कलादेपा निवासी युवक बादल त्रिपुरा को एक स्थानीय युवक ने गोदाम से रबर शीट चुराने के आरोप में पकड़कर पीटा था। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया था। पुलिस ने बादल को गिरफ्तार किया था। वह नशे में था। इसके बाद उसे 14 अक्तूबर को रिहा कर दिया गया। 16 अक्तूबर को युवक की घर मौत हो गई। इसके बाद युवक के परिजनों ने आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई कि बादल को थाने में दो पुलिसकर्मियों और तीन विशेष पुलिस अधिकारियों ने प्रताड़ित किया था। इसलिए उसकी मौत हुई है।
एसडीपीओ नित्यानंद सरकार ने बताया कि युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस स्टेशन के पास प्रदर्शन किया। साथ ही अगरतला-सबरूम राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने युवक को प्रताड़ित करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी। एसडीपीओ ने बताया कि पांचों पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उनको हिरासत में ले लिया गया है। युवक के शव का मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया।