फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

TOP News: आज भारत बनाम द.अफ्रीका दूसरा वनडे; ट्रंप ने दोहराया भारत-PAK संघर्ष रुकवाने का दावा; पढ़ें सुर्खियां

Wed, 03 Dec 2025 06:26 AM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा दोहराया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रोकने में अहम भूमिका निभाई थी और इसके लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। उधर दिल्ली में आज एमसीडी उपचुनाव की मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी और दोपहर तक नतीजे साफ हो जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के दूत विटकॉफ से मुलाकात की, जिसके बाद यूक्रेन शांति वार्ता को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। वहीं, देश में चुनावी गर्मी भी बढ़ने लगी है, क्योंकि अमित शाह इस महीने के अंत से बंगाल सहित पांच राज्यों में भाजपा के चुनावी अभियान की कमान संभालेंगे। खेल जगत में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में अजेय बढ़त लेने के इरादे से मैदान पर उतरने को तैयार है। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...

विज्ञापन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : ANI Photos
ट्रंप ने फिर दोहराया भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने का दावा दोहराया है। मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक कैबिनेट बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते अपनी बात कही। बैठक के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा कि जिन आठ युद्धों को उन्होंने खत्म करवाए, उनमें से हर एक के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। पढ़ें पूरी खबर...

चेन्नई में चक्रवात दितवाह के कारण भारी बारिश हुई - फोटो : ANI Photos
IMD: पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड
देश के दो हिस्सों में मौसम के दो विपरीत हालात देखने को मिल रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के चलते उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप बढ़ रहा है। दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात दित्वाह के अवशेष के कारण भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है, जिसके प्रभाव से उत्तर भारत की पहाड़ियों और मैदानों में ठंड और तेज हो गई है। पढ़ें पूरी खबर...

एमसीडी उप-चुनाव 2025 - फोटो : अमर उजाला
MCD By-Elections: मतगणना आज सुबह 8 बजे से, दोपहर तक आ जाएंगे परिणाम
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनाव की मतगणना के लिए व्यापक और सख्त इंतजाम किए हैं। गत 30 नवंबर को सम्पन्न हुए 12 वार्डों के चुनाव के बाद 10 जगह बुधवार सुबह आठ से मतगणना शुरू होगी। सभी सीटों पर 12 बजे तक तस्वीर साफ होने और एक बजे तक परिणाम आने की उम्मीद है। पढ़ें पूरी खबर...

शांति योजना पर बैठक - फोटो : वीडियो ग्रैब/एएनआई
पुतिन ने US प्रतिनिधिमंडल के दूत विटकॉफ से मुलाकात की
रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जारेड कुश्नर के साथ बातचीत की। यह बैठक यूक्रेन शांति योजना को लेकर हो रही वैश्विक चर्चाओं के बीच बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक में पुतिन के सलाहकार यूरी उशाकोव और क्रेमलिन दूत किरिल दिमित्रिएव भी मौजूद थे। पढ़ें पूरी खबर...

गृह मंत्री अमित शाह। - फोटो : अमर उजाला
बिहार की तरह बंगाल समेत 5 राज्यों में चुनावी कमान संभालेंगे शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के बाद पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में रणनीति की कमान संभालेंगे। गृह मंत्री शाह अपने इस चुनावी अभियान की शुरुआत इस महीने के अंत में पश्चिम बंगाल के दौरे से करेंगे। इसके बाद वह चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक हर महीने अन्य चुनावी राज्यों असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी कम से कम तीन दिनों का प्रवास करेंगे। पढ़ें पूरी खबर...

एयरपोर्ट्स पर चेक-इन सिस्टम में तकनीकी दिक्कत - फोटो : ANI
देशभर के एयरपोर्ट्स पर चेक-इन सिस्टम दुरुस्त, तकनीकी दिक्कतें खत्म
देश के कई हवाई अड्डों पर अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। चेक-इन सिस्टम ठप होने से कई एयरपोर्ट्स पर काउंटरों के बाहर लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को अपनी उड़ान पकड़ने के लिए अतिरिक्त समय देना पड़ा। स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर भी कई यात्रियों ने शिकायतें दर्ज कराईं। हालांकि कुछ घंटों की बाधा के बाद एयर इंडिया ने बड़ा अपडेट जारी करते हुए बताया कि तकनीकी दिक्कत पैदा करने वाला थर्ड-पार्टी सिस्टम पूरी तरह ठीक कर दिया गया है। कंपनी के अनुसार अब सभी हवाई अड्डों पर चेक-इन प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही है। पढ़ें पूरी खबर...

चक्रवात और पाकिस्तान से भेजे गए पैकेट की फोटो - फोटो : ANI/अमर उजाला प्रिंट
पाकिस्तान की शर्मनाक करतूत: श्रीलंका को मदद के नाम पर भेजी सड़ी-गली खाद्य सामग्री
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की एक बार फिर कलई खुली है। चक्रवाती तूफान दित्वाह से तबाह हुए श्रीलंका के लोगों के लिए मदद के नाम पर पाकिस्तान ने एक्सपायरी डेट यानी इस्तेमाल करने की मियाद पार कर चुकी सामग्रियां भेजी हैं। पढ़ें पूरी खबर...

हवा हुई जहरीली - फोटो : अमर उजाला
Delhi Pollution: जहरीली हवाओं में मांओं को सता रही बच्चों की चिंता
दिल्ली की हवा को बच्चों के लिए खतरनाक बताते हुए वॉरियर मॉम्स समूह ने एनएचआरसी में अर्जी दी है। उनका कहना है कि शहर की हवा ज्यादातर ‘बहुत खराब’ और ‘गंभीर’ श्रेणी में रहती है, जिससे बच्चों के फेफड़ों, सांस लेने की क्षमता और मानसिक विकास पर बुरा असर पड़ रहा है। पढ़ें पूरी खबर...
 

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - फोटो : PTI
IND vs SA Playing 11: रोहित और कोहली पर फिर रहेंगी नजरें
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बुधवार को रायपुर में दूसरा वनडे मैच खेला जाएगा। भारतीय टीम की कोशिश इस मैच को जीतकर तीन मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर टिकी होंगी। इस मैच में यह देखना भी दिलचस्प रहेगा कि भारत प्लेइंग-11 में कोई बदलाव करता है या नहीं। पहले मैच में विराट कोहली, रोहित शर्मा और कप्तान केएल राहुल का बल्ला चला था, लेकिन यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़ और वाशिंगटन सुंदर प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

स्मृति मंधाना, पलाश मुछाल - फोटो : सोशल मीडिया
क्या 7 दिसंबर को शादी कर सकते हैं स्मृति-पलाश?
सोशल मीडिया पर स्मृति मंधाना और पलाश मुछाल की शादी को लेकर कई तरह की बातें चल रही हैं। दोनों की शादी 23 नवंबर को होने वाली थी, जो पोस्टपोन हो गई। हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि स्मृति और पलाश अब 7 दिसंबर को शादी करेंगे। चर्चा है कि इस शादी में कपल के करीबी और परिवार वाले ही शामिल होंगे। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें