ठाणे सिविल अस्पताल में रक्त का संकट, जनता से की यह अपील
महाराष्ट्र के ठाणे जिला सिविल अस्पताल ने नागरिकों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की। अस्पताल रक्त की गंभीर कमी का सामना कर रहा है। अस्पताल की ओर से शुक्रवार को एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि उसका रक्त का भंडार केवल एक सप्ताह तक चलेगा, जिसका कारण दानदाताओं में भारी गिरावट है। अस्पताल ने कहा कि उसके पास ए-पॉजिटिव रक्त का स्टॉक काफी कम था।
सिविल सर्जन डॉ. कैलास पवार ने ठाणे के नागरिकों से अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान करने और लोगों की जान बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक 24 घंटे चालू है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में हर दिन कई गरीब मरीजों का ऑपरेशन किया जाता है और सर्जरी के लिए रक्त उनके ब्लड बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है।
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को एसपीजी प्रमुख नियुक्त किया गया
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक शर्मा को शुक्रवार को विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) का निदेशक नियुक्त किया गया। उन्हें प्रधानमंत्री को सुरक्षा प्रदान करने का काम सौंपा गया है। 1991 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी शर्मा वर्तमान में एसपीजी में अतिरिक्त महानिदेशक हैं। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने पद का कार्यभार संभालने की तारीख से अगले आदेश तक एसपीजी के निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।