गुजरात में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिणी गुजरात के नवसारी में मानसून ने दस्तक दे दी है। इसके साथ ही अगले दो दिनों तक गुजरात के लगभग सभी जिलों में हल्की बारिश और तूफान चलने की संभावना है। आमतौर पर गुजरात में 15 जून तक मानसून का आगमन होता है। गांधीनगर स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जानकारी दी है कि बीते 24 घंटे में कई जिलों में 40 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। गुजरात के संतरामपुर, महिसागर जिलों में भी इस दौरान 40 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अलग अलग जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही संभावना जता दी थी कि जून के महीने में भारत में औसत 166.9 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है।
गैंगस्टर अबू सलेम ने मुंबई सत्र अदालत में एक याचिका दाखिल की है। याचिका में अबू सलेम अदालत से कहा है कि उसे तलोजा जेल से किसी अन्य जेल में न भेजा जाए। सलेम की वकील अलीशा पारेख का कहना है कि गैंगस्टर ने यब बात इसलिए कही है क्योंकि उसे जान का खतरा सता रहा है। उधर तलोजा जेल के अधिकारियों का कहना है कि कारागार के पुनर्निमाण की आवश्यकता है और इस जेल में फिलहाल अबू सलेम को रखने के लिए कोई उपयुक्त स्थान नहीं है। इसलिए उसे तलोजा जेल से किसी और जेल में भेजने की आवश्यकता है। बता दें कि इससे पहले अबू सलेम पर दो बार हमला हो चुका है।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई इलाके में एक ट्रक ने फूड डिलीवरी फर्म के लिए काम करने वाले युवक की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अंजनी कुमार मौर्या के रूप में हुई है। अंजनी सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे एक ऑर्डर की डिलीवरी करने जा रहा था, तभी कोपरा इलाके में एक ट्रक ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे अंजनी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौर्या को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।