गैंगस्टर अबू सलेम ने मुंबई सत्र अदालत में एक याचिका दाखिल की है। याचिका में अबू सलेम अदालत से कहा है कि उसे तलोजा जेल से किसी अन्य जेल में न भेजा जाए। सलेम की वकील अलीशा पारेख का कहना है कि गैंगस्टर ने यब बात इसलिए कही है क्योंकि उसे जान का खतरा सता रहा है। उधर तलोजा जेल के अधिकारियों का कहना है कि कारागार के पुनर्निमाण की आवश्यकता है और इस जेल में फिलहाल अबू सलेम को रखने के लिए कोई उपयुक्त स्थान नहीं है। इसलिए उसे तलोजा जेल से किसी और जेल में भेजने की आवश्यकता है। बता दें कि इससे पहले अबू सलेम पर दो बार हमला हो चुका है।
बंगाल के कोलकाता में एक रेस्तरां में आग लग गई। घटना कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके की है। आग की सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। फिलहाल आग को काबू करने की कोशिश की जा रही है। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। दमकल कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। हादसे की जांच के लिए फोरेंसिक जांच की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई इलाके में एक ट्रक ने फूड डिलीवरी फर्म के लिए काम करने वाले युवक की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अंजनी कुमार मौर्या के रूप में हुई है। अंजनी सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे एक ऑर्डर की डिलीवरी करने जा रहा था, तभी कोपरा इलाके में एक ट्रक ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे अंजनी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौर्या को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।