मेगा युद्धाभ्यास के तहत नौसेना ने आईएनएस प्रबल से मिसाइल दागी
- फोटो : एएनआई
भारतीय नौसेना ने अरब सागर में अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए एंटी शिप मिसाइल से ‘बेहद सटीकता’ के साथ एक जहाज को निशाना बनाया। नौसेना ने शुक्रवार को मिसाइल से तबाह डूबते जहाज का वीडियो जारी किया है। मेगा युद्धाभ्यास के तहत नौसेना ने आईएनएस प्रबल से मिसाइल दागी। इस युद्धाभ्यास में आईएनएस विक्रमादित्य के साथ ही कई युद्धपोत, लड़ाकू हेलिकॉप्टर और विमान शिरकत कर रहे हैं।
नौसेना के प्रवक्ता ने शुक्रवार को ट्वीट किया, नौसेना ने जंगी जहाज प्रबल से एंटी शिप मिसाइल को लॉन्च किया गया, जिसने अपनी अधिकतम रेंज के साथ सटीकता से अपने लक्ष्य (पुराने जहाज) को तबाह किया।
इससे एक दिन पहले गुरुवार को नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने समुद्र के साथ साथ विभिन्न लोकेशन पर अपनी सेना की तैयारियों का जायजा लिया था। दरअसल, चीन के साथ जारी तनाव के बीच नौसेना ने हिंद महासागर क्षेत्र में तैनाती काफी बढ़ाई है। इसका मकसद चीन को स्पष्ट संदेश देना है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए नौसेना प्रमुख ने आने वाले दिनों में ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है।