तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने सोमवार को हैदराबाद में केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। राव ने रोजगार से लेकर पद्म पुरस्कारों तक केंद्र की मंशा पर प्रश्न चिह्न उठाए और राज्य के साथ भेदभाव करने का आरोप भी लगाया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट...
चंद्रशेखर राव ने कहा कि जब मैं उनका (भाजपा)समर्थन नहीं करता हूं तो वो मुझे देश विरोधी कहने लगते हैं। अगर कोई उनके खिलाफ बोलता है तो भाजपा ऐसे लोगों को अर्बन नक्सल का तमगा भी देती है। उन्होंने कहा कि मैं बस एक आसान सा सवाल पूछ रहा हूं कि क्या केंद्र सरकार राज्य के चावल खरीदेगी या नहीं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने कहा कि तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) 12 नवंबर को लाखों किसानों के साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में धरना प्रदर्शन का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान हम मांग उठाएंगे कि केंद्र सरकार राज्य में हुई खरीफ (गर्मी या मानसूनी उपज) धान की पूरी पैदावार की खरीद करे।
'कहां गया दो करोड़ नौकरियों का वादा?'
उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश में 1.35 लाख लोगों को नौकरी के मौके उपलब्ध कराए हैं और 70 हजार और नौकरियां अभी दी जानी बाकी हैं। अध्ययनों के अनुसार तेलंगाना में बेरोजगारी की दर अन्य राज्यों की तुलना में कम है। केंद्र सरकार के उस वादे का क्या हुआ दिसमें उन्होंने दो करोड़ नौकरियां देने की बात कही थी।
विज्ञापन
'हर जांच का सामना करने के लिए तैयार'
मुख्यमंत्री ने पद्म पुरस्कारों को लेकर भी केंद्र की मंशा पर सवाल उठाए और कहा कि केंद्र सरकार हमारे राज्य के लोगों को यह पुरस्कार नहीं दे रही है। वह जानबूझ कर हमें नजरअंदाज कर रहे हैं। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय के आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि हम हर जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।