तमिलनाडु के तिरुपुर में एक महिला ने जोखिम भरा कदम उठाया और खुद ही अपनी डिलीवरी करने लगी। इसके लिए उसने यूट्यूब की सहायता ली जिसके बाद उसकी मौत हो गई। महिला के परिवार को आधुनिक तकनीकों पर भरोसा नहीं था इसलिए उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया। इस दौरान महिला को बहुत ज्यादा ब्लीडिंग होने लगी और उसकी जान चली गई। मामला 22 जुलाई का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक महिला का नाम क्रिथिगा (28) था। वह एक स्कूल में अध्यापिका थी। क्रिथिगा की एक तीन साल की बेटी भी है। उसने अपने पति के साथ मिलकर घर पर ही दूसरे बच्चे को जन्म देने का सोचा। जिसके बाद उसने पति की सहायता से डिलीवरी करने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने यूट्यूब की सहायता ली और वीडियो देखे।
महिला के पिता राजेंद्र ने बताया कि बच्चा पैदा होने के बाद उनकी बेटी को अधिक ब्लीडिंग होने लगी जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने आगे बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे अपनी बेटी को एक सरकारी अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल बच्चे की हालत कैसी है इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
मामले पर शहर के स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि क्रिथिगा और उसके पति कार्थिजेयान को उनके दोस्तों ने ही
सलाह दी थी कि वह घर पर डिलीवरी करें। इसके अलावा महिला ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पंजीकरण भी नहीं करवाया था। अभी पुलिस महिला के पति से पूछताछ कर रही है।