तमिलनाडु के एक शिक्षक ने छात्र को ऐसी निर्दयता से पीटा कि वह बुरी तरह जख्मी हो गया। छात्र का कसूर यह था कि उसने कक्षा से तड़ी (बंक) मारी थी। इससे गुस्साए शिक्षक ने उसे बाल पकड़कर घसीटा, लातें मारी और डंडे से बुरी तरह पीटा। शिक्षक की इस क्रूरता का वीडियो वायरल होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले के चिदंबरम के हायर सेकंडरी स्कूल में हुई। शिक्षक सुब्रमण्यम ने एक दिन पहले क्लास से गायब रहने की वजह से एक छात्र के साथ क्रूर व्यवहार किया। वीडियो वायरल होने के बाद के कलेक्टर ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
उधर, पीड़ित छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कलेक्टर द्वारा बनाई गई जांच समिति ने पीड़ित छात्र व शिक्षक से पूछताछ की है। छात्र से पूछताछ के बाद शिक्षक के खिलाफ अजा-जजा अत्याचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, चिंतित पिता की शिक्षकों से अपील
बेटे के साथ क्रूरतापूर्वक मारपीट पर प्रतिक्रिया देते हुए छात्र के पिता ने शिक्षकों से छात्रों से मारपीट नहीं करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने की अपील की। बच्चे के पिता ने कहा, 'मैं अपने बेटे को लेकर बहुत चिंतित हूं और इस बर्बर घटना के लिए दुखी हूं। उसे काफी चोटें आई हैं। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं सभी शिक्षकों से अपील करता हूं कि छात्रों के साथ ऐसी निर्दयता न बरतेंं। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो।'