पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के नेता मुकुल रॉय को विधायक पद से हटाने की मांग की। इस मांग के साथ अधिकारी ने कलकत्ता हाईकोर्ट में एक आवेदन दाखिल किया। अधिकारी ने दलबदल विरोधी कानून के तहत रॉय को विधायक पद से हटाने की मांग उठाई है। सुवेंदु ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में कहा कि पिछले 10 साल में टीएमसी के शासन में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं हो पाया है। 50 से अधिक विधायकों ने दल बदले हैं।
विज्ञापन
बता दें कि मुकुल रॉय कुछ महीने पहले ही भाजपा से टीएमसी में शामिल हुए थे। मार्च-अप्रैल में पश्चिम बंगाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में मुकुल रॉय ने कृष्णानगर सीट से जीत हासिल की थी, लेकिन 11 जून को वापस टीएमसी में लौट आए थे। बता दें कि साल 2017 में वे टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
नंदीग्राम से विधायक सुवेंदु अधिकारी इस मामले में विधानसभा स्पीकर को भी याचिका दे चुके हैं। इस याचिका के तहत सुवेंदु ने मुकुल रॉय की अयोग्यता की मांग की है।