भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ के दक्षिण बंगाल सीमांत के जवानों ने उत्तर 24 परगना जिले में एक बार फिर तस्करी को नाकाम कर छह सोने के बिस्कुटों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बीएसएफ ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि 112वीं वाहिनी की सीमा चौकी ताराली-1 के जवानों ने सोमवार को उस वक्त तस्कर को दबोचा जब वह बांग्लादेश से भारत में सोने की तस्करी का प्रयास कर रहा था। जब्त सोने का वजन 686 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 44.32 लाख रुपए से अधिक है।
दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी डीआईजी एके आर्य ने बताया कि सोने की तस्करी के बारे में एक खुफिया सूचना पर जवानों ने हकीमपुर चेकप्वाइंट पर ई-रिक्शा से आ रहे तारिकुल इस्लाम गाजी नामक संदिग्ध व्यक्ति को तलाशी के लिए रोका, जो सीमावर्ती तराली गांव की ओर (बांग्लादेश की तरफ) से आ रहा था। ई-रिक्शा की तलाशी लेने पर भूरे रंग के टेप से लिपटे हुए छह सोने के बिस्कुट मिले। इसके बाद सोने को जब्त करने के साथ तारिकुल को गिरफ्तार कर लिया गया। वह ताराली (माझेरपारा) गांव का ही रहने वाला है।
आर्य के मुताबिक, पूछताछ में तारिकुल ने बताया कि वह अपनी आजीविका के लिए ई-रिक्शा चलाता है। उन्हें सोनाई नदी (अंतरराष्ट्रीय सीमा) के पास अपने घर पर बेलडांगा, सतखिरा, बांग्लादेश के एक व्यक्ति अता ने उसे भूरे रंग के टेप में लिपटा हुआ एक पैकेट दिया। उसने पैकेट को ई-रिक्शा में छिपा दिया और हकीमपुर चौकी की ओर जा रहा था। सोने को तेंतुलिया में किसी अज्ञात व्यक्ति को सौंपना था, और इस काम के लिए उसे 450 रुपये मिल थे। पकड़े गए तस्कर को जब्त सोने के साथ आगे की कार्यवाही के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, तेंतुलिया को सौंप दिया गया है।