कपिल सिब्बल ने दावा किया कि धनखड़ द्वारा सदन में विपक्ष के सदस्यों के संबोधन में लगातार व्यवधान डाला जा रहा है। सिब्बल ने जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले समेत कुछ मुख्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा।
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि धनखड़ द्वारा सदन में विपक्ष के सदस्यों के संबोधन में लगातार व्यवधान डाला जा रहा है। सिब्बल ने जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले समेत कुछ मुख्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने यह भी दावा किया के भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेताओं में अयोध्या में जमीन खरीदी है। इसके अलावा सिब्बल ने देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति पर भी टिप्पणी की।
कपिल सिब्बल का यह बयान कांगेस नेता जयराम रमेश की टिप्पणियों के बाद आया है। दरअसल कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही शुरू करने की मांग की थी। दो जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा था, 'चाहे वे (विपक्ष) कितनी भी संख्या का दावा करें, जब हम 2014 में आए थे, तो राज्यसभा में हमारी ताकत बहुत कम थी और (तत्कालीन) सभापति का झुकाव कुछ हद तक दूसरी तरफ था, लेकिन हम गर्व के साथ देश की सेवा करने के अपने संकल्प से नहीं डिगे।’ उन्होंने आगे कहा था, 'मैं देश की जनता को कहना चाहता हूं कि आपने जो निर्णय किया है, आपने हमें सेवा करने का जो आदेश दिया है, ऐसी किसी भी बाधा से न तो मोदी डरेगा और न ही यह सरकार डरेगी। हम जिन संकल्पों को प्राप्त करने के लिए निकले हैं, उन्हें पूरा करके रहेंगे।।' पीएम मोदी ने किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन पूर्व उपराष्ट्रपति अंसारी अगस्त 2012 से अगस्त 2017 तक राज्यसभा के सभापति थे।