शिवसेना नेता संजय राउत ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महाराष्ट्र में प्रवासी श्रमिकों के साथ 'बुरे बर्ताव' के दावे को खारिज कर दिया और साथ ही कहा, 'उन्होंने (श्रमिकों) लॉकडाउन के दौरान पश्चिमी राज्य को छोड़ने से पहले उद्धव ठाकरे की प्रशंसा की।' महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार की प्रमुख शिवसेना के नेता राउत ने कहा कि वे श्रमिकों द्वारा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की प्रशंसा वाली वीडियो क्लिप आदित्यनाथ को भेजेंगे।
राउत ने आदित्यनाथ के श्रमिकों के साथ बुरे बर्ताव वाले दावे को अस्वीकार करते हुए कहा कि आदित्यनाथ को इस तरह के दावे नहीं करने चाहिए और उन्हें अब वहां लौटे प्रवासी कामगारों के लिए भोजन और पानी सुनिश्चित करने पर अपना अधिकांश समय खर्च करना चाहिए।
शिवसेना नेता ने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री चाहते हैं कि दूसरे राज्य उत्तरी राज्यों के लोगों को रोजगार देने के लिए उनकी अनुमति लें, तो उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि प्रवासी श्रमिक नौकरियों की तलाश में महाराष्ट्र आए थे और हमनें उन्हें स्वीकार किया और उन्हें यहां काम करने दिया। वे सालों से यहां काम कर रहे हैं। हम सभी सद्भाव में एक साथ रह रहे थे.