संतोष झा को श्रीलंका में भारत का दूत बनाया गया है। वे वर्तमान उच्चायुक्त गोपाल बागले की जगह लेंगे। संतोष झा 1993 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। वे वर्तमान में बेल्जियम, लक्जेमबर्ग और यूरोपीय संघ में भारत के राजदूत के रूप में कार्यरत हैं। उनकी नियक्ति को लेकर आधिकारिक विज्ञप्ति भी जारी कर दी गई है।
कई देशों में काम कर चुके हैं संतोष झा
इसमें बताया गया है कि संतोष झा ने 30 साल से अधिक समय के अपने करियर में भारत और कई देशों में विभिन्न पदों पर काम किया है। वे 2007-2010 के दौरान कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग में परामर्शदाता के रूप में भी तैनात रहे थे। इतना ही नहीं झा ने मॉस्को, व्लादिवोस्तोक, न्यूयॉर्क और कोलंबो में मिशनों और विदेश मंत्रालय में भी काम किया है। साथ ही उन्होंने उज्बेकिस्तान में भारत के राजदूत और वाशिंगटन में भारतीय दूतावास में मिशन के उप प्रमुख के रूप में भी काम किया है।
बागले के कार्यकाल में भारत-श्रीलंका का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार बनकर उभरा
इसमें कहा गया है कि बागले ने मई 2020 में श्रीलंका में उच्चायुक्त की जिम्मेदारी संभाली थी। भारत-श्रीलंका संबंधों में महत्वपूर्ण उपलब्धियों को साकार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कार्यकाल में ही बीते 2022 में श्रीलंका में आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए भारत ने चार बिलियन अमरीकी डालर की बहु-आयामी सहायता की थी। बयान में यह भी कहा गया है कि बागले के कार्यकाल में भारत-श्रीलंका का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार बनकर भी उभरा।