बशीरहाट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जॉबी थॉमस ने कहा, 'संदेशखली में ईडी के अधिकारियों पर हमले के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान महबूब मुल्ला और सुकोमल सरदार के रूप में हुई है। पुलिस ने अदालत से आरोपियों के लिए 14 दिन की हिरासत मांग की थी।' एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी वीडियो फुटेज के आधार पर की गई। दोनों को बशीरहाट की अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
क्या हुआ था मामला
राशन घोटाले की जांच के दौरान छह जनवरी को ईडी के के तीन अधिकारियों पर हमला किया गया था। साथ ही उनके साथ मौजूद सुरक्षा गार्ड भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना वाले दिन जांच अधिकारियों की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई थी। इस घटना में स्थानीय तृणमूल नेता शेख शाहजहां के समर्थकों पर हमले का आरोप लगा है। ईडी ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, तृणमूल नेता और राज्य पुलिस ने भी अन्य पुलिस स्टेशन में केंद्रीय जांच एजेंसी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
राज्यपाल ने की थी घटना की निंदा
हमले के अगले दिन राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने राज्य के पुलिस प्रशासन पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने ईडी के अधिकारियों पर हमले की निंदा की थी। इसके साथ ही उन्होंने राज्य के पुलिस-प्रशासन से यह भी जवाब मांगा था कि शेख शाहजहां को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया।