भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी कभी तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शीर्ष नेताओं में गिने जाते थे। सीएम ममता बनर्जी से मतभेद के बाद अपना राजनीतिक रास्ता अलग कर चुके शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल नेता शाहजहां शेख को लेकर बड़ा दावा किया है। ईडी अधिकारियों पर हमले के मामले में मुख्य आरोपी टीएमसी नेता शाहजहां पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। शुभेंदु का दावा है कि शाहजहां बांग्लादेश भागने की ताक में हैं और फिलहाल पश्चिम बंगाल के ही संदेशखली में छिपे हुए हैं।
बांग्लादेश भागने की ताक में हैं आरोपी टीएमसी नेता शाहजहां
ईडी अधिकारियों की टीम पर हमला करने के मामले में रविवार को शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भागने के अवैध प्रयास कर रहे शेख अभी भी पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में छिपे हैं। भाजपा नेता का दावा है कि शाहजहां संदेशखाली इलाके में मौजूद हैं और बांग्लादेश भागने की जुगत भिड़ा रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया
शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक स्थानीय टीएमसी नेताओं से उन्हें विश्वसनीय जानकारी मिली है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन को भी इसकी जानकारी है, लेकिन कार्रवाई के लिए पुलिस राजनीतिक आकाओं और टीएमसी आलाकमान की ओर से इशारा होने का इंतजार कर रही है।
ईडी की टीम पर जानलेवा हमला
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में राशन वितरण घोटाले के सिलसिले में प्रवर्तन विभाग (ईडी) के अधिकारियों की टीम शेख के आवास पर छापेमारी करने गई थी। शुक्रवार को गई ईडी की टीम पर ताला तोड़कर जबरन घर में घुसने का आरोप लगा है। जांच में शामिल अधिकारियों के मुताबिक ईडी की टीम पर भीड़ ने जानलेवा हमला किया। इसके बाद से तृणमूल नेता शेख फरार बताए जा रहे हैं। भाजपा सीएम ममता बनर्जी और पूरे प्रशासन पर कानूनी कार्रवाई में अड़चन डालने और दोषियों को बचाने के आरोप लगाए हैं।
तृणमूल और भाजपा नेताओं के बयान
सत्तारूढ़ दल- टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने शुभेंदु अधिकारी के दावों पर कहा, अगर उन्हें इतनी सारी चीजों की जानकारी है तो केंद्रीय एजेंसियों और राज्य पुलिस को भाजपा नेता से 'पूछताछ करनी चाहिए।' दूसरी तरफ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने रविवार को राज्यपाल बोस से मुलाकात की। उन्होंने पत्र सौंपकर राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को बहाल करने के लिए तत्काल और निर्णायक कार्रवाई का आग्रह किया।
राज्यपाल ने पुलिस प्रमुख को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया
शुभेंदु अधिकारी का बयान पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस की तरफ से जाहिर की गई चिंता के बाद आया है। राज्यपाल ने कहा था कि 'शाहजहां शेख 'सीमा पार कर चुके हैं।' उन्होंने पुलिस प्रमुख और आला अधिकारियों को तत्काल गिरफ्तारी और आतंकवादियों के साथ उनके कथित संबंधों की जांच के निर्देश भी दिए।
ऑडियो क्लिप वायरल हुई, तृणमूल नेता ने बताया भाजपा की साजिश
बता दें कि शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर टीएमसी नेता शाहजहां का एक कथित ऑडियो संदेश भी साझा किया था। इसमें टीएमसी नेता ने खुद को निर्दोष बता रहे हैं। उन्होंने ईडी की छापेमारी को भाजपा की साजिश करार दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की जा सकी है।