Kerala: इन बैठकों को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी की सहयोगी सीपीआई और विपक्षी कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मीडिया की खबरों के अनुसार, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के करीबी रहे अजित कुमार ने इन मुलाकातों को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को स्पष्टीकरण दिया था।
केरल में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एम आर अजित कुमार और आरएसएस के शीर्ष नेता के बीच हुई निजी बैठक पर सियासत गरमा गई है। अब इस बैठक को लेकर एडीजीपी अजित कुमार की ओर से बयान सामने आया है। अजित कुमार ने कहा कि, उनके और आरएसएस नेता के बीच हुई बैठक में कुछ भी असमान्य नहीं था।
विज्ञापन
दत्तात्रेय होसबोले और राम माधव सहित कई शीर्ष आरएसएस नेताओं के साथ बैठकों में अजित कुमार के साथ रहे जयकुमार ने कहा कि मुख्य सचिवों सहित कई आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) और आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) अधिकारियों ने आरएसएस नेतृत्व के साथ निजी बैठकें की हैं। अजित कुमार की आरएसएस नेताओं के साथ मुलाकात ने केरल की राजनीति में विवाद पैदा कर दिया है।
सीएमओ से मांगा स्पष्टीकरण
इन बैठकों को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी की सहयोगी सीपीआई और विपक्षी कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मीडिया की खबरों के अनुसार, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के करीबी रहे अजित कुमार ने इन मुलाकातों को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को स्पष्टीकरण दिया था। जिसमें उन्होंने पिछले मई में त्रिशूर में आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबोले से मुलाकात की बात स्वीकार की थी और स्पष्ट किया था कि यह एक निजी मुलाकात थी।
विज्ञापन
आरएसएस नेता जयकुमार ने लिखी फेसबुक पर पोस्ट
हालांकि इस विवाद के सामने आने के बाद डीजीपी ने मामले की जांच शुरू की थी और उनकी निजी बैठकों के संबंध में कानून और व्यवस्था के प्रभारी अजितकुमार का बयान दर्ज किया था। आरएसएस नेता जयकुमार ने रविवार को फेसबुक पर एक पोस्ट कर लिखा था कि उन्हें टीवी चैनलों से पता चला कि डीजीपी कार्यालय ने कथित बैठकों की जारी जांच के संबंध में उन्हें नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि आरएसएस से जुड़े अपने काम के सिलसिले में उन्होंने कई हस्तियों से मुलाकात की है।
जयकुमार ने कहा कि, यह पहली बार नहीं है कि कोई एडीजीपी आरएसएस के किसी नेता से मिले हैं। मुख्य सचिवों सहित कई आईपीएस और आईएएस अधिकारियों ने आरएसएस नेतृत्व के साथ निजी बैठकें की हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस के संपर्क प्रमुख के रूप में वे प्रमुख हस्तियों से मिलना जारी रखेंगे। जयकुमार ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की आरएसएस संस्थापक केशव राव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए एक तस्वीर भी पोस्ट की।