फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RG Kar Case: आरजी कर मामले में न्याय की मांग लेकर सड़क पर रिक्शेवाले; आमजन सहित कुम्हारों ने भी निकाला मार्च

Sun, 08 Sep 2024 08:19 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

सार

घटना के विरोध में कुम्हारटुली के मूर्तिकार भी सड़क पर उतर आए। उन्होंने हाथ में पोस्टर और बैनर लेकर डॉक्टर की मौत के न्याय की मांग की। 
विज्ञापन
आरजी कर मामले में न्याय की मांग लेकर रिक्शेवालों ने किया प्रदर्शन। - फोटो : वीडियो ग्रैब।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोलकाता के अस्पताल में महिला डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्याकांड का मामले में विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ता ही जा रहा है। चिकित्सकों के साथ आमजन भी जोर-शोर से इसे लेकर किए जा रहे आंदोलन में हिस्सा ले रहे हैं। इस बीच, रविवार को कोलकाता में भाजपा ने विरोध जताया। केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर भी एस्प्लेनेड इलाके में बीजेपी के विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। 

विज्ञापन


इसके अलावा, रिक्शा चालकों सहित कुमारटुली के मूर्तिकारों और आम लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने मार्च निकाला। प्रदर्शन कर रहे रिक्शा चालक अरविंद यादव ने इस मौके पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी। उन्होंने कहा कि हम आरजी कर कॉलेज में बलात्कार-हत्या की घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हम सभी की माताएं और बहनें हैं। हम सभी इस मामले में न्याय चाहते हैं, इसलिए हम यहां हैं।
 

प्रदर्शनकारियों ने 15 किमी लंबी मानव शृंखला बनाई
आरजी कर मेडिकल कॉलेज की जूनियर डॉक्टर के लिए न्याय की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने रविवार की रात कोलकाता में सोदपुर से श्यामबाजार तक 15 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला बनाई। टॉलीगंज में टॉलीवुड के कलाकारों ने रैली निकालकर न्याय की मांग की। पूरे प्रदेश में देर रात तक ये रैलियां चलती रहीं। जैसे-जैसे शाम ढलने लगी कोलकाता सहित बंगाल के विभिन्न हिस्सों में लोग घरों से निकलने लगे। कहीं मशाल, कहीं मोमबत्ती तो कहीं दीया लेकर लोग न्याय की मांग को लेकर घरों से निकले।

विज्ञापन


न्याय की मांग को लेकर तेज हुई आवाज
जूनियर डॉक्टर की मौत के 30 दिन हो गए हैं, लेकिन अभी तक सड़कों पर न्याय की मांग लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है।रविवार को एनआरएस अस्पताल से धर्मतला तक चिकित्सकों ने काले गुब्बारों के साथ मार्च निकाला। इस मार्च में पीड़ित के पिता-मां और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे। सभी का एक ही दावा था, शीघ्र न्याय। चिकित्सकों ने भी कहा, हमारी एक ही मांग है। न्याय चाहिए। अब सुप्रीम कोर्ट की परीक्षा है। हम निराश हो चुके हैं, हमारी उम्मीद केवल सुप्रीम कोर्ट पर ही टिकी है।

सड़कों पर उतरे मूर्तिकार
घटना के विरोध में कुम्हारटुली के मूर्तिकार भी सड़क पर उतर आए। उन्होंने हाथ में पोस्टर और बैनर लेकर डॉक्टर की मौत के न्याय की मांग की। कलाकारों ने विरोध में दुर्गा मां की आंखों में काले आंसू बहते दिखाया। 8 अक्टूबर से दुर्गा पूजा शुरू होनी है। कलाकारों ने कहा कि इस घटना के बाद इस बार पूजा को लेकर उनके अंदर किसी तरह का उत्साह नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई कल
जूनियर डॉक्टर की दुष्कर्म व हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। शीर्ष अदालत ने इस मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए पिछली सुनवाई पर पश्चिम बंगाल पुलिस को फटकार लगाई थी और आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था सीआईएसएफ को सौंप दिया था। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ इस पर सुनवाई करेगी। केंद्र ने हाल ही में शीर्ष अदालत में एक याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि आरजी कर अस्पताल में सुरक्षा में तैनात होने वाले सीआईएसएफ जवानों के रहने और अन्य सुविधाएं मुहैया कराने में राज्य सरकार जरा भी सहयोग नहीं कर रही है। याचिका में सुप्रीम कोर्ट से राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग देने के लिए निर्देश देने का आग्रह किया गया है।



आरजी कर मामले में अब तक क्या हुआ
बता दें कि 8-9 अगस्त की दरम्यानी रात हुई वारदात के बाद से आरजी कर मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला राष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है और पूरे देश में डॉक्टर हड़ताल पर हैं। कोलकाता के अलावा देश के कई हिस्सों में जनाक्रोश और विरोध-प्रदर्शन देखा गया। कोलकाता हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई घटना की जांच कर रही है। इस मामले में जमकर सियासत भी हो रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्षी दल भाजपा आमने-सामने है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें