भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को हुई राम मंदिर ट्रस्ट की पहली बैठक को बड़ा कदम बताया, इसके लिए उन्होंने लगातार दो ट्वीट किए। अपने पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा कि- आज श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली बैठक में राम मंदिर के लिए सदैव संघर्षरत महंत नृत्य गोपाल दास जी को अध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष श्री चंपत राय जी को महामंत्री तथा पूज्य गोविंद देव गिरी जी महाराज को कोषाध्यक्ष बनाए जाने पर मैं हृदय से अभिनंदन करता हूं।
इसके बाद किए ट्वीट में भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने लिखा कि- 500 वर्षों तक चले इस संघर्ष को अंतिम चरण तक पहुंचाने में महती भूमिका निभाने वाले समस्त संत वृंद, सामाजिक संगठनों तथा आंदोलन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं एवं देश की जनता को हृदय से नमन करता हूं। यह राम मंदिर के प्रति हमारे संकल्प और भावनाओं को मूर्तरूप देने की दिशा में बड़ा कदम है।
बता दें कि मंदिर मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला देव उठनी एकादशी के दिन आया था, ट्रस्ट की घोषणा और ट्रस्ट की पहली बैठक भी एकादशी के दिन ही यानी 19 फरवरी को हुई है। ऐसे में मंदिर का शिलान्यास भी चार मार्च को होने की ज्यादा संभावना है, कारण कि उस दिन भी एकादशी है।
जानकारी के अनुसार, रामानंद संप्रदाय में भी एकादशी को सर्वाधिक महत्व दिया जाता है। मंगलवार रात मंदिर मामले से जुड़े सूत्रों ने बातचीत में कहा था कि रामनवमी के दिन अयोध्या में पहले से ही भारी भीड़ रहती है, इस बार भीड़ दस लाख से ऊपर हो जाएगी।
ऐसे में अगर उसी दिन शिलान्यास हुआ तो भीड़ संभालना मुश्किल होगा। वह भी तब जब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई विशिष्ट अतिथि उस दौरान वहां मौजूद रहेंगे।
बैठक के दौरान वैष्णव वैरागी अखाड़ों की निर्वाणी अणी के महंत और अयोध्या के हनुमान गढ़ी के महंत धर्मदास बिना बुलाए ही वहां पहुंच गए थे। हालांकि ट्रस्ट के सदस्यों ने उन्हें बैठक में शामिल होने से रोक दिया। उन्हें बैठक के बाहर कमरे में ही बैठाया गया।
बता दें कि धर्मदास खुद को ट्रस्ट में शामिल करने और पुजारी बनाने की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक महंत ने मांगें नहीं मानने पर अदालत का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी भी दी है। ट्रस्ट के सदस्यों ने उन्हें बैठक के बाद बातचीत का आश्वासन दिया है।