भारतीय रेलवे एक नया मुकाम हासिल करने की ओर अग्रसर है। इसके लिए रेलवे ने तैयारियां शुरू कर भी कर दी हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे अरुणाचल प्रदेश के तवांग को देश के अन्य इलाकों से जोड़ने के लिए तीन ट्रैक तैयार करने जा रही है। रेलवे इसके लिए जल्द ही सर्वे शुरू करेगी।
आपको बता दें कि अरुणाचल प्रदेश का तवांग टाउन चीन की सीमा से सटा हुआ है और इसकी ऊंचाई 10000 फीट है। इस प्रोजेक्ट के लिए सर्वे अगले साल से शुरू होगा। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे महाप्रबंधक (निर्माण) एच के जग्गी ने कहा है कि, रेलवे इस परियोजना के जरिए पूरे अरुणाचल प्रदेश को ही रेल नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी में है।
खबर के मुताबिक तीन स्ट्रैटजिक लाइन बिछाई जाएंगी। जिसके अंतर्गत डूमडूमा से सिमालगुड़ी, नामसाइ औक चौउखाम होते हुए वाकरो (96 किमी), डांगरी से रोइंग (60 किमी), लेखापानी से नामपोंग (75 किमी) लाइनों का सर्वे किया जाएगा।