तमिलनाडु के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) के अधिकारियों ने सोमवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में अन्नाद्रमुक के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सी. विजयभास्कर के आवास और अन्य ठिकानों पर छापे मारे। अधिकारियों के अनुसार, विजयभास्कर के चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, कोयंबटूर, त्रिची और पुदुकोट्टई में 43 स्थानों तथा उनके रिश्तेदारों और व्यावसायिक परिसरों में तलाशी ली गई।
27.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जमा करने के लिए प्राथमिकी दर्ज
एक दिन पहले डीवीएसी ने विजयभास्कर और उनकी पत्नी राम्या के खिलाफ उनके नाम और उनके आश्रितों और व्यावसायिक फर्मों के नाम पर लगभग 27.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जमा करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की थी। सतर्कता अधिकारी के अनुसार हर ठिकाने पर एक टीम भेजी गई, जिनमें छह कर्मचारी शामिल हैं। वहीं, सुरक्षा कारणों से पुलिस बल भी तैनात किए गए हैं।
अभियान में 250 से अधिक अधिकारी कर्मचारी शामिल
इस तलाशी अभियान में 250 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। एफआईआर के अनुसार विजयभास्कर ने बेहिसाब संपत्ति हासिल की। संपत्ति का अधिग्रहण 1 अप्रैल 2016 और 31 मार्च 2021 की अवधि के दौरान किया गया था। पूर्व अन्नाद्रमुक सरकार के अन्य मंत्री एसपी वेलुमणि, एम.आर. विजयभास्कर और के.सी. वीरमणि के खिलाफ भी भ्रष्टाचार के मामले दर्ज किए गए हैं।