कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि भले ही ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) सुरक्षित है, सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय चुनावों में धांधली हो सकती है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर उंगली उठाते हुए कहा कि इसके जरिए चुनाव धांधली को अंजाम दिया जा सकता है। राहुल ने बुधवार को कहा कि सोशल मीडिया के जरिए चुनावों में धांधली की जा सकती है और अगर सोशल मीडिया कंपनियां चाहें तो किसी भी पार्टी को चुनाव जिता सकती हैं। उन्होंने किसी पार्टी का नाम लिए बिना यह भी कहा कि सांप्रदायिक हिंसा को एक विचारधारा और उसके नेताओं द्वारा समाज में वैमनस्य पैदा करने के लिए रणनीतिक हथियार के रूप में प्लांट किया गया है। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कार्यकर्ता मेधा पाटकर और जीजी पारिख के नेतृत्व में नागरिक समाज के सदस्यों के साथ बातचीत के दौरान ये बात कही।
गुजरात व हिमाचल चुनाव पर नहीं पड़ेगा यात्रा का असर
मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि आप पूछेंगे कि यात्रा का गुजरात या हिमाचल चुनाव पर क्या असर पड़ेगा? इसका कोई असर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का किसी वोट बैंक से कोई लेना-देना नहीं है। इसका मकसद राजनीति से परे है। यह राजनीतिक चोरों के खिलाफ राजनीतिक लोगों की यात्रा है।
एकजुटता को बढ़ावा देगी यात्रा, 2024 के चुनाव पर पड़ेगा असर
रमेश ने कहा कि यात्रा एकजुटता को बढ़ावा देगी, इसने हमारी पार्टी को एकजुट किया है। इसका प्रभाव यदि कोई है, तो 2024 के चुनावों में महसूस किया जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि 18 नवंबर को यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के शेगांव में एक भव्य जनसभा आयोजित की जाएगी। राहुल गांधी रैली में मुख्य अतिथि होंगे।