प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71 वें जन्म दिन पर दुनियाभर के लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। भाजपा ने 20 दिन का कार्यक्रम शुरू किया है। देशभर में कोरोना रोधी टीकाकरण का विश्व रिकॉर्ड बन गया है। उनके प्रबल विरोधी व कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उन्हें बधाई दी है, लेकिन कांग्रेस ने इस मौके पर पीएम व केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, 'Happy birthday, Modi ji'। वहीं कांग्रेस इस दिन को 'राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस' के रूप में मना रही है। युवक कांंग्रेस व एनएसयूआई ने पीएम मोदी के जन्म दिन को 'राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस', 'किसान विरोधी दिवस' व 'महंगाई दिवस' बताते हुए कहा कि आज देश उनकी विफलता की कीमत चुका रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि विभिन्न पूर्व प्रधानमंत्रियों का जन्म दिन अलग-अलग दिवस के रूपों में मनाया जाता है। जैसे कि पं. नेहरू का जन्म दिन बाल दिवस, इंदिरा गांधी का जन्म दिन राष्ट्रीय एकता दिवस, राजीव गांधी का जन्म दिन सद्भावना दिवस व अटल बिहारी वाजपेयी का सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है, लेकिन पीएम मोदी का जन्म दिन 'राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस' के रूप में मनाया जा रहा है।