पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में वाम-कांग्रेस एका के सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए बुधवार को महानगर के पार्क सर्कस मैदान में होने वाली एक चुनावी रैली में पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी एक मंच पर नजर आएंगे।
माकपा के राज्य सचिवमंडल के सदस्य रबीन देब ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि राहुल की चुनावी सभा में बुद्धदेव भी मौजूद रहेंगे।
राज्य में पांचवें दौर के मतदान से तीन दिन पहले महानगर के अल्पसंख्यक बहुल इलाके में होने वाली इस रैली को अहम माना जा रहा है। इस दौर में दक्षिण 24-परगना और कोलकाता दक्षिण के अलावा हुगली जिले की 53 सीटों पर मतदान होगा।
वाम मोर्चा और कांग्रेस के बीच चुनावी तालमेल के बाद यह पहला मौका होगा, जब दोनों दलों के दो शीर्ष नेता एक मंच पर न सिर्फ मौजूद रहेंगे बल्कि गठजोड़ को वोट देने की भी अपील करेंगे। अब तक दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व एक मंच पर आने से बचता रहा है। ऐसे में गठजोड़ के लिए राहुल व बुद्धदेव के एक मंच पर होना काफी अहम माना जा रहा है।