अफगानिस्तान से सिख धर्म को मानने वाले लोगों को सफलतापूर्वक स्वदेश वापस लाकर भी केंद्र सरकार ने पंजाब के लोगों के बीच अपनी साख बनाई है। करतारपुर कॉरिडोर बनाने, अफगानिस्तान से पवित्र सिख ग्रंथों को पूरी पवित्रता के साथ वापस लाने और जलियांवाला बाग को एक नई छवि देकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिखों का दिल जीतने का प्रयास किया है। वे पहले भी समय-समय पर गुरुद्वारों में जाकर माथा टेकते रहे हैं। पार्टी को अनुमान है कि प्रधानमंत्री की इस छवि का उसे लाभ मिल सकता है।
भाजपा के एक शीर्ष नेता के अनुसार, अब तक किसान आंदोलन के नौ महीने बीत चुके हैं। इन नौ महीनों में पंजाब के लोगों को यह समझ आ चुका है कि यह आंदोलन केवल बड़े किसानों और कुछ बिचौलियों के हितों की लड़ाई थी। जबकि केंद्र सरकार की नीति में बड़े किसानों की बजाय देश के वे 86 प्रतिशत किसान हैं जो एक हेक्टेयर से भी कम भूमि की जोत रखते हैं।
नेता के मुताबिक, बड़े किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 6000 रूपये भले ही महत्वपूर्ण नहीं हों, लेकिन छोटे किसानों और ठेके पर खेत लेकर किसानी करने वाले किसानों के लिए यह काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए भाजपा को उम्मीद है कि पंजाब के छोटे किसानों और ठेके पर खेती कराने वाले श्रमिक किसानों का साथ उसे मिल सकता है। पंजाब चुनाव से ठीक कुछ दिन पहले किसान सम्मान निधि की एक और किस्त सीधे किसानों के खाते में जाएगी। भाजपा को उम्मीद है कि इससे छोटे किसानों के मन में भाजपा के लिए बेहतर छवि बनेगी।
पंजाब भाजपा के महासचिव सुभाष शर्मा कह चुके हैं कि वे राज्य में अनुसूचित जाति के चेहरे के साथ चुनाव में उतरेंगे। केंद्र सरकार भी अनुसूचित जाति के लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा चुकी है। भाजपा को उम्मीद है कि उसका अनुसूचित जाति के चेहरे को मुख्यमंत्री के तौर पर प्रोजेक्ट करने का दांव शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी के गठजोड़ को कमजोर कर सकता है। पार्टी इसके लिए अनुसूचित जाति के किसी बड़े चेहरे की तलाश में है।
हिंदू आबादी का भी साथ मिलने की उम्मीद
पंजाब में लगभग 40 फीसदी आबादी हिंदू समुदाय की है। भाजपा को उम्मीद है कि हिंदू बहुल सीटों पर उसे सफलता मिल सकती है। इन इलाकों में मजबूत हिंदू चेहरों की तलाश का काम शुरू भी किया जा चुका है जो पार्टी को अपने इलाकों में सफलता दिला सकें। यह काम आरएसएस के भरोसे सौंपा गया हैे जो हर विधानसभा का बारीकी से सर्वेक्षण कर जिताऊ उम्मीदवारों का नाम पार्टी को भेजेगी।