दो अक्तूबर को देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 152 वीं जयंती मनाएगा। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को देश की जनता को बधाई दी और आह्वान किया कि आइये भारत को गांधीजी के सपने का देश बनाने की प्रतिज्ञा लें।
गांधी जयंती के मौके पर देशवासियों के नाम संदेश में राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि यह दिन सभी भारतीयों के लिए विशेष होता है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह हमारे लिए एक अवसर है, जब हम गांधीजी के संघर्ष और बलिदान को याद करें। यह अवसर हमें हमारे नागरिकों और देश की समृद्धि और विकास के लिए काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा, 'आइये प्रतिज्ञा लें कि हम उनके संदेशों, आदर्शों व मूल्यों पर चलकर उनके सपनों का भारत बनाने के लिए सतत प्रयास करते रहेंगे।'
राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि गांधीजी पूरी दुनिया में उनके अहिंसक आंदोलन के लिए लोकप्रिय हैं और उनका जन्म दिन अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा, 'गांधीजी मानते थे कि अहिंसा एक दर्शन, सिद्धांत और अनुभव है, जिसे बेहतर समाज का आधार बनाया जा सकता है।'