जेएनयू मामले के खिलाफ जादवपुर यूनिवर्सिटी में छात्रों ने किया था प्रदर्शन
दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय विवाद को लेकर कोलकाता के जादवपुर विश्वविद्यालय में भी जोरदार प्रदर्शन किया गया था। इस मामले पर कोलकाता पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस ने राजधानी के सभी कॉलेजों से कश्मीरी छात्रों का ब्यौरा मांगा है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक कोलकाता पुलिस ने कॉलेजों को एक नोट भेजा है, जिसमें कॉलेज के प्रधानाचार्यों से कहा गया है कि कृपया उन छात्रों की जानकारी मुहैया कराई जाए जिनका स्थायी पता जम्मू-कश्मीर राज्य में आता है। ये जानकारी गृह मंत्रालय, नॉर्थ ब्लॉक को मुहैया कराई जाएगी।
कॉलेजों को भेजे गए नोट में उस इलाके के पुलिस थाने के इंटेलिजेंस इंचार्ज का हस्ताक्षर था। ये नोट फरवरी के आखिरी हफ्ते में कॉलेजों को भेजा गया था, जिस समय जेएनयू और जादवपुर में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे।