आतंकी ओसामा बिन लादेन (फाइल फोटो)
पश्चिम बंगाल में एक आदमी ने अलकायदा नेता ओसामा बिन लादेन के स्टीकर को अपनी कार पर लगाया है। केवल इतना ही नहीं उसने उस आतंकी के नाम पर इंस्टाग्राम अकाउंट बना रखा है जिसे अमेरिकी सेना ने पाकिस्तान में मार दिया था।
इरावीपुरम पुलिस ने गुरुवार को कोल्लम शहर से कार को जब्त कर लिया और कार मालिक 22 साल के मुहम्मद हनीफ को गिरफ्तार किया है। हनीफ ने बताया कि उसने वैश्विक आतंकी के नाम पर मजाक के लिए इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था।
कार मालिक कोल्लम शहर के पल्लीमुक्कु का निवासी है। इरावीपुरम पुलिस ने कार के बारे में ज्यादा जानकारी जुटाने के बाद जांच शुरू की। पुलिस ने यह जांच केरल में आईएस द्वारा केरल में संभावित आतंकी हमलों के मद्देनजर की।
पुलिस ने कार को एक यात्री की सूचना पर जब्त किया। यात्री ने बताया था कि पश्चिम बंगाल के पंजीकरण वाली गाड़ी शहर में घूम रही है। यात्री ने अपने मोबाइल से कार की फोटो खींची और इसे इरावीपुरम पुलिस को भेज दिया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया और उसपर उन्हें बिन लादेन के नाम का स्टीकर लगा हुआ मिला।
कार के ड्राइवर हरीश ने पुलिस को बताया कि उसने यह गाड़ी शादी के लिए हनीफ से किराए पर ली है जो पल्लीमुक्कु का रहने वाला है। बाद में पुलिस ने कार मालिक को बुलाया। जिसने बताया कि उसने गाड़ी को एक साल पहले पश्चिम बंगाल से खरीदा था।
हालांकि कुछ दिनों पहले ही स्टीकर लगाए गए थे। उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है। यह पाया गया है कि कार को परिवहन विभाग के अधिकारियों ने अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है। इससे पहले एनआईए ने पलक्कड़ में रहने वाले 29 साल के शख्स को गिरफ्तार किया था जो कथित तौर पर केरल में आत्मघाती हमलों को अंजाम देने वाला था।
एनआईए ने रियाज ए को गिरफ्तार किया है जिसने श्रीलंका में हुए सिलसिलेवार धमाकों के आरोपी जहरान हाशिम के भाषणों और वीडियो को शेयर किया था। इसके अलावा एनआईए जुलाई 2016 में कासारगोड जिले के 15 युवकों के लापता होने की भी जांच कर रहा था। बाद में पता चला कि वह आईएस में शामिल हो गए हैं।