प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी लगातार दिवाली का त्योहार देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ मनाते हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को आठवीं बार जवानों के बीच दिवाली मनाने के लिए जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा में पहुंचे। यहां वे नौशेरा में जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। 2014 में प्रधानमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद से वह हर साल सरहद की सुरक्षा कर रहे जवानों के संग दिवाली मनाते हैं। इस बार उनकी दिवाली राजौरी के नौशेरा सेक्टर में होगी।
नौशेरा सेक्टर पहुंचने पर पीएम मोदी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और जवानों का उत्साह बढ़ाया। जवानों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद से मैं हर बार अपने परिवार (जवानों) के साथ पवित्र त्योहार दिवाली मनाता आ रहा हूं।
पीएम मोदी की सरहद वाली दिवाली
4 नवंबर 2021: पीएम बनने के बाद जवानों के साथ लगातार 8वीं बार दिवाली मनाने के लिए वह गुरुवार (4 नवंबर) को राजौरी के नौशेरा सेक्टर पहुंचे और शाम को इनके साथ दिवाली मनाएंगे। नौशेरा पहुंचने पर पीएम मोदी ने सबसे पहले शहीदों को श्रद्धांजलि दी । इस दौरान पीएम मोदी ने जवानों के जोश को हाई किया।
14 नवंबर 2020: पीएम मोदी ने सातवीं दिवाली जैसलमेर के लोंगेवाला पोस्ट पर जवानों के साथ प्रकाश पर्व मनाया था ।
27 अक्तूबर 2019: पीएम मोदी ने 2019 में एलओसी पर जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। पीएम मोदी राजौरी में एलओसी पर तैनात सैनिकों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया था।
7 नवंबर 2018: 2018 में पीएम मोदी ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों के साथ उत्तराखंड के हर्षिल में दिवाली मनाई थी।
18 अक्तूबर 2017: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवानों के संग दिवाली मनाई थी। तब वे जम्मू कश्मीर के गुरेज में सैनिकों के बीच दिवाली मनाकर उनका जोश बढ़ाया था।
30 अक्तूबर 2016 : पीएम मोदी 2016 में हिमाचल के किन्नौर में दिवाली मनाने पहुंचे थे। यहां उन्होंने भारत चीन बॉर्डर के पास जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।
11 नवंबर 2015: पीएम मोदी ने पंजाब में जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। यहां वे 1965 युद्ध के वॉर मेमोरियल का दौरा भी करने पहुंचे थे।
23 अक्तूबर 2014: मई 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी ने जवानों के साथ दिवाली मनाने का फैसला किया था। इसके बाद 23 अक्टूबर 2014 को उन्होंने बतौर पीएम सियाचिन में पहली दिवाली मनाई थी।