अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह पीएम मोदी की शैक्षणिक डिग्री के संबंध में दिए गए उनके व्यंग्यात्मक और अपमानजनक बयानों पर गुजरात विश्वविद्यालय द्वारा दायर आपराधिक मानहानि के मामले का सामना कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री के खिलाफ टिप्पणी करने कारण मानहानि का मुकदमा झेल रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब अहमदाबाद की एक मेट्रोपोलिटन कोर्ट ने मामले में आप नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्रोडक्शन वारंट जारी किया।
विज्ञापन
इसमें मजिस्ट्रेट ने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया है कि संजय सिंह को तिहाड़ जेल से हिरासत में लेकर 11 जनवरी की सुबह 11 बजे अदालत में पेश किया जाए। इसके बाद अदालत मामले में आगे की सुनवाई करेगी।
मामले की सुनवाई के दौरान संजय सिंह के वकील ने अदालत को बताया था कि उन्हें अपने मुवक्किल से कोई निर्देश नहीं मिला है, क्योंकि आम आदमी पार्टी नेता दिल्ली की तिहाड़ जेल में हैं। इस पर अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट एसजे पांचाल की अदालत ने सिंह के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया। गौरतलब है कि दिल्ली में कथित आबकारी नीति घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजय सिंह को पांच अक्तूबर को गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन
बता दें अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह पीएम मोदी की शैक्षणिक डिग्री के संबंध में दिए गए उनके व्यंग्यात्मक और अपमानजनक बयानों पर गुजरात विश्वविद्यालय द्वारा दायर आपराधिक मानहानि के मामले का सामना कर रहे हैं। गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा पीएम की डिग्री पर मुख्य सूचना आयुक्त के आदेश को रद्द करने के बाद जीयू रजिस्ट्रार पीयूष पटेल ने आप नेताओं के खिलाफ उनकी टिप्पणियों पर मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने कहा, उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में और सोशल मीडिया पर मोदी की डिग्री को लेकर विश्वविद्यालय को निशाना बनाते हुए अपमानजनक बयान दिए। उन्होंने कहा कि गुजरात विश्वविद्यालय को निशाना बनाने वाली उनकी टिप्पणियां अपमानजनक थीं।