कांग्रेस नेता नाना पटोले ने प्रधानमंत्री मोदी के शिरडी दौरे पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में लग रहे उद्योगों को गुजरात शिफ्ट कराने के लिए पीएम महाराष्ट्र का दौरा कर रहे हैं।
महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले का दौरा करने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश की जनता को करोड़ों रुपये की परियोजना की सौगात दी। इस पर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री महाराष्ट्र के उद्योगों को गुजरात शिफ्ट कराने के लिए महाराष्ट्र का दौरा कर रहे हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने गुरुवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हीरा क्षेत्र समेत कुछ उद्योगों को पड़ोसी राज्य गुजरात में स्थानांतरित कराने की ताक में महाराष्ट्र का दौरा कर रहे हैं।
विज्ञापन
परियोजनाओं को गुजरात शिफ्ट कराने की ताक में पीएम मोदी
नाना पटोले ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार "दिल्ली" के निर्देश पर महाराष्ट्र को लूट रही है। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र से गुजरात में मेगा निवेश परियोजनाओं को स्थानांतरित करने की गतिविधियां पिछले डेढ़ साल से चल रही हैं।
दिल्ली के निर्देश पर महाराष्ट्र में लूट
पटोले के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई में हीरे और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को सूरत (गुजरात में) में स्थानांतरित करने के लिए राज्य का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस सरकार देश की अर्थव्यवस्था में मुंबई के महत्व को कम करने के लिए सभी प्रयास कर रही है। राज्य की भाजपा नीत सरकार दिल्ली के निर्देश पर महाराष्ट्र को लूट रही है।"
विज्ञापन
महाराष्ट्र पर बोझ है बुलेट ट्रेन परियोजना?
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, सूरत में एक विशाल हीरा उद्योग विकसित किया जा रहा है, जो मुंबई के कारोबार को छीन लेगा। पटोले ने दावा किया कि पीएम मोदी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लंबित कार्यों को भी आगे बढ़ाने और जारी रखने के मकसद से महाराष्ट्र दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजना महाराष्ट्र पर बोझ है।
हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
गौरतलब है कि पीएम मोदी गुरुवार को अहमदनगर जिले के शिरडी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने प्रसिद्ध साईं बाबा मंदिर के विशाल भक्त परिसर, निलवंडे बांध के नहर नेटवर्क के साथ-साथ 'नमो शेतकरी महासंमान निधि योजना' का उद्घाटन किया। इसके तहत राज्य के 86 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। प्रति वर्ष 12,000 रुपये की सहायता मिलेगी। प्रधानमंत्री ने इसके अलावा भी हजारों करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।