17 सितंबर को ओडिशा में 'सुभद्रा’ योजना की शुरुआत करेंगे
प्रधानमंत्री 17 सितंबर को ओडिशा की राजधानी पहुंचने के बाद जनता मैदान जाएंगे, जहां वह ‘सुभद्रा’ योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। इस योजना के तहत, 21-60 वर्ष की आयु के सभी पात्र लाभार्थियों को 2024-25 से 2028-29 के बीच 5 वर्षों की अवधि में 50000 रुपये मिलेंगे। दो समान किस्तों में प्रति वर्ष 10,000 रुपये की राशि सीधे लाभार्थी के आधार कार्ड से जुड़े बैंक खाते में जमा की जाएगी। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री 10 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में धन हस्तांतरण की शुरुआत करेंगे।
17 सितंबर को भुवनेश्वर में बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज
ओडिशा सरकार ने शनिवार को घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के मद्देनजर 17 सितंबर को भुवनेश्वर के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। इसके अलावा, राज्य की राजधानी में राजस्व और मजिस्ट्रेट अदालतों सहित सभी सरकारी कार्यालय भी 17 सितंबर को दिन के पहले भाग के लिए बंद रहेंगे।