प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचे हैं। इस मौके पर वह मेहसाणा पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अब पीएम मोदी एक सार्वजनिक सभा को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने इस दौरान कहा कि आज और कल का दिन हमारे लिए बहुत खास है। आज यानी 30 अक्तूबर को गोविंद गुरुजी ने आजादी के लिए अपनी जान दे दी थी। उन्होंने अंग्रेजों को कड़ी टक्कर दी थी। वहीं, 31 अक्तूबर का दिन हमारे लिए इसलिए खास है क्योंकि सरदार बल्लभभाई पटेल का जन्म हुआ था।
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘31 अक्तूबर का दिन हमारे लिए इसलिए खास है क्योंकि सरदार बल्लभभाई पटेल का जन्म हुआ था। हम सरदार पटेल के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं। आने वाली पीढ़ियां सरदार पटेल की प्रतिमा को देखेंगी, लेकिन झुकेंगी नहीं, उनका सिर ऊंचा रहेगा।’
उन्होंने आगे कहा, ‘गोविंद गुरुजी का पूरा जीवन भारत की आजादी और आदिवासी समुदाय की सेवा के लिए बीता। उनकी सेवा और राष्ट्रीयता इतनी प्रबल थी कि उन्होंने बलिदानों की परंपरा शुरू की और वे बलिदानों के प्रतीक बन गए। पिछले वर्ष हमारी सरकार ने मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्तर पर विकसित किया।’
मेहसाणा में पीएम मोदी ने कहा, ‘यहां आने से पहले, मुझे अंबाजी मंदिर के दर्शन करने का मौका मिला। 'गब्बर' (अंबाजी गांव के पश्चिम में एक छोटी पहाड़ी) को विकसित किया जा रहा है। मैंने कल मन की बात में इसके बारे में बात की थी। साथ ही आज 6000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की है। ये परियोजनाएं किसानों को मजबूत करेंगी। इनसे पूरे देश से कनेक्टिविटी बनेगी। इन परियोजनाओं से मेहसाणा के आसपास के सभी जिले लाभान्वित होंगे।’
इससे पहले बनासकांठा में पीएम मोदी ने एक रोड शो किया। उसके बाद उन्होंने अंबाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि मां अंबा के दर्शन करने के बाद पीएम मेहसाणा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री केवड़िया भी जाएंगे, जहां वह स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह भी मनाया जाएगा
इसके अलावा यहां राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह भी मनाया जाएगा। इसके बाद पीएम आरंभ 5.0 में 98वें कॉमन फाउंडेशन कोर्स के अधिकारी प्रशिक्षुओं को संबोधित करेंगे।
श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गांधीनगर में श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि हमने ट्रस्ट के कामकाज से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। हमने समीक्षा की कि हम मंदिर परिसर के लिए नवीनतम तकनीक का लाभ कैसे उठा सकते हैं, ताकि तीर्थयात्रा का अनुभव अधिक यादगार हो। ट्रस्ट द्वारा उठाए जा रहे विभिन्न पर्यावरण-अनुकूल उपायों का भी जायजा लिया।
प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री के बेटे से मिले
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के बेटे अनुज से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। अनुज को मई में मस्तिष्काघात हुआ था। अनुज को मस्तिष्काघात के बाद इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया था। सितंबर में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। इस समय वह अपने घर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।