पाकिस्तान में एक ईसाई महिला पत्रकार ने प्रताड़ना से तंग आकर नौकरी छोड़ दी। गोनिला गिल नाम की 38 वर्षीय पत्रकार दुनिया न्यूज में काम करती थीं। कहा जा रहा है कि उन्हें सिर्फ इस वजह से नौकरी छोड़नी पड़ी, क्योंकि उन्होंने एक मुस्लिम हुसनैन जमील से शादी की और इस्लाम धर्म नहीं अपनाया।
गिल के अनुसार, इसी कारण से वह कार्यस्थल पर अपने सहकर्मियों के निशाने पर थीं। उन्हें मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था। उन्हें अपमानित किया जाता था। वह लाहौर प्रेस क्लब में इकलौती पंजीकृत ईसाई पत्रकार हैं।
उनके पति ने बताया कि गोनिला का कहना है कि वे मेरी आस्था के बारे में फालतू बातें करते हैं, लेकिन मैं उम्मीद नहीं छोड़ूंगी और अपने धर्म के साथ खड़ी रहूंगी। बताया जाता है कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की स्थिति ठीक नहीं है।
वहां रहने वाले हिंदू, सिख, ईसाई जैसे अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को भेदभाव और अन्याय झेलना पड़ता है। इस कारण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की आलोचना होती रहती है।