पाकिस्तान का कहना है कि जैश-ए-मोहम्मद सरगना मसूद अजहर पाकिस्तान में नहीं है। अजहर पर भारत की ओर से डाले जा रहे दबाव का चौतरफा असर देखते हुए पाकिस्तान सरकार और सेना के शीर्ष नेतृत्व की तरफ से यह बात फैलाई जा रही है।
पाकिस्तान मामले से जुड़ी भारतीय एजेसियों को यह खबर मिल रही है कि मसूद अजहर कुछ दिनों पहले पाकिस्तान छोड़ अफगानिस्तान चला गया है। जबकि पठानकोट हमले के बाद पाकिस्तान ने अजहर को नजरबंद रखने का दावा किया था। भारतीय खुफिया एजेंसी के उच्चपदस्थ सूत्र ने अमर उजाला को बताया कि मसूद अजहर से पूछताछ करने की नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की पहल ने पाकिस्तानी सेना और सरकार के भारत विरोधी धड़े को असहज कर दिया है।
पाक के संयुक्त जांच दल (जेआईटी) और एनआईए की आपसी औपचारिक व तकनीकी शर्तों के मुताबिक पाकिस्तान भारत की इस मांग को नजरअंदाज नहीं कर सकता। जिस तरह भारत ने तमाम राजनीतिक विरोधों से बावजूद तकनीकी आधार पर जेआईटी को पठानकोट एयरबेस जैसे संवेदनशील जगहों पर जाने की इजाजत दी है उसी तरह पाकिस्तान को भी भारत की शर्तें माननी होगी। सूत्रों के मुताबिक भारत ने जेआईटी में आईएसआई के सदस्य की मौजूदगी से भी आंखे मूंद ली ताकि जांच की रफ्तार में अड़चन पैदा ना हो।