डॉ. जितेंद्र सिंह
- फोटो : फाइल
भाजपा ने अनुच्छेद 370 जैसे विवादास्पद मुद्दों से फिलहाल किनारा कर लिया है। पार्टी जम्मू-कश्मीर में विकास के एजेंडे पर नई सरकार चलाएगी। केंद्र और भाजपा ने पीडीपी को भी अपनी पार्टी का एजेंडा अलग रखकर न्यूनतम साझा कार्यक्रम के आधार पर विकास की यात्रा में सहभागी बनने की नसीहत दी है।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में रियासत सरकार की भूमिका भी अहम होगी। डॉ. सिंह ने संकेत दिए कि भाजपा कोटे के मंत्रियों में एक-दो चेहरे बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर संगठन में चर्चा हुई है। संगठन और प्रदेश के हित में जो जरूरी होगा, वैसा कदम उठाया जाएगा।
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश विकास यात्रा पर चल रहा है। जम्मू-कश्मीर इससे वंचित नहीं रह जाए, इसके लिए पार्टी और सरकार ने आम आदमी के हित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है।
दोनों दलों को अपना फोकस प्रदेश की प्रगति पर केंद्रित करना होगा। पीडीपी की शर्तों और विश्वास बहाली के उपायों के बारे में डॉ. सिंह ने कहा कि जब दो राजनीतिक दल गठबंधन करते हैं तो ऐसी बातें सामने आती हैं। रियासत के विकास के लिए कई जिद छोड़नी पड़ती है।