ओडिशा के कालाहांडी जिले से आठ अक्तूबर से लापता 24 वर्षीय महिला शिक्षक की गुत्थी सुलझा लेने का पुलिस ने दावा किया है। ओडिशा पुलिस ने मंगलवार को जमीन खोदकर एक महिला के अधजले, क्षत-विक्षत शव को बाहर निकाला। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ऐसा संदेह है कि यह शव उसी 24 वर्षीय शिक्षिका की है जो आठ अक्तूबर को कालाहांडी जिले के एक निजी स्कूल के खेल परिसर से लापता हो गई थी, जहां वह काम करती थी।
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी निजी स्कूल प्रबंधक समिति के अध्यक्ष को भी बलांगीर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। वह रविवार रात जिले के तीतलगढ़ पुलिस बैरक से फरार हो गया था, जहां उसे शिक्षिका के अपहरण के आरोप में हिरासत में रखा गया था।
भाजपा और कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग की
मामले में अब राजनीति भी शुरू हो गई है। विपक्षी भाजपा और कांग्रेस ने कहा कि आरोपी गृह राज्य मंत्री डीएस मिश्रा का करीबी सहयोगी है। विपक्षी पार्टियों ने आरोपी से निजी स्कूल प्रबंधक समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने और घटना की सीबीआई जांच की मांग की है जबकि सत्तारूढ़ बीजद ने कहा कि कानून अपना काम करेगा।
स्कूल परिसर से बरामद किया गया शव
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि एक महिला का अधजला और क्षत-विक्षत शव स्कूल के खेल परिसर में 10 फीट की गहराई से निकाला गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक शव की पहचान की पुष्टि नहीं की है, जबकि शिक्षिका के परिवार के सदस्यों का कहना है कि यह शव उसी का है।
पुलिस शव का कराएगी डीएनए टेस्ट
शिक्षिका के चाचा ने बताया कि उसका बैग और पायल उस गड्ढे से बरामद किए गए हैं, जहां से शव बरामद किया गया था। शरीर के आकार से भी हम कह सकते हैं कि यह मेरी भतीजी का है। पुलिस ने कहा कि डीएनए परीक्षण के बाद ही शव की पहचान की पुष्टि होगी। पुलिस ने यह भी नहीं बताया कि उन्हें उस जगह के बारे में कैसे पता चला, जहां शव को दफनाया गया था।
बलांगीर के पुलिस अधीक्षक कौसलकर नितिन दागुडू ने बताया कि शव मिलने के करीब दो घंटे बाद मुख्य आरोपी को जिले के बांगोमुंडा प्रखंड के एक गांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों ने कहा कि आरोपी एक कॉलेज भी चलाता है, उसे एसपी कार्यालय ले जाकर पूछताछ की गई है।
इससे पहले बलांगीर पुलिस ने उसे 'मोस्ट वांटेड' व्यक्ति के रूप में घोषित किया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वालों के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। शुरुआती इनाम 20 हजार रुपये था, लेकिन बाद में इसे बढ़ा दिया गया था।