पुलिस के मुताबिक, यह घटना कंधमाल जिले के पबुरिया गांव के पास शुक्रवार की रात को हुई। उन्होंने बताया कि बस के चालक सना प्रधान को गाड़ी चलाते समय सीने में दर्द होने लगा औऱ उन्होने स्टीयरिंग पर नियंत्रण खो दिया।
तिकाबली पुलिस थाने की प्रभारी कल्याणमयी सेंधा ने बताया, उन्हें एहसास हुआ कि वह आगे ड्राइव नहीं कर पाएंगे। इसलिए उन्होंने वाहन को सड़क के किनारे एक दीवार से टकरा दिया, जिसके बाद यह वाहन रुक गया और यात्रियों की जान बच गई। .
उन्होंने बताया कि निजी बस 'मां लक्ष्मी' आमतौर पर कंधमाल के सारंगढ़ से जी उदयगिरि होते हुए राज्य की राजधानी भुवनेश्वर के लिए हर रात चलती है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद उन्हें पास के एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने दिल का दौरान पड़ने से उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद बस पर दूसरा चालक बैठा और यह थोड़ी देर बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई। उन्होंने बताया कि प्रधान का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिवार को सौंप दिया गया।मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।