महिलाओं की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों के साथ- साथ अब लंबी दूरी की ट्रेनों में भी सेनेटरी नैपकिन (पैड) मशीन लगाई जाएगी। यह सुविधा झांसी से गुजरने वाली छह ट्रेनों में मिलेगी। ट्रेनों में पांच रुपये में एक सेनेटरी नेपकिन मिलेगा। इससे महिलाओं की बड़ी समस्या दूर होगी।
लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर के दौरान महिला यात्रियों की सुविधाओं के लिए रेलवे ने एक कदम और बढ़ाया है। लंबी दूरी की ट्रेनों में महिलाओं को सेनेटरी नेपकिन उपलब्ध कराने के लिए वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। छोटे आकार की मशीनें किसी भी ट्रेन में एक या दो स्थानों पर लगाई जाएंगी।
इनमें पांच रुपये का सिक्का डालकर कोई भी सेनेटरी नेपकिन ले सकेगा। हर मशीन की क्षमता 25 नेपकिन की होगी। समय-समय पर इसमें नेपकिन की रीफिलिंग की जाएगी। इतना ही नहीं, जिस कोच में यह सुविधा होगी, उसकी जानकारी ट्रेन के बाहर गुलाबी रंग से प्रदर्शित की जाएगी, जिससे महिला यात्री को मशीन लगी होने की जानकारी होगी।
शुरूआत में मंडल से गुजरने वाली छह ट्रेनें इसमें शमिल की गई हैं। इसमें ट्रेन नंबर 12626-12625 केरला एक्सप्रेस, ट्रेन 12617-12618 मंगला एक्सप्रेस, 12137-12138 पंजाब मेल, 12533-12534 पुष्पक एक्सप्रेस, 12627-12628 कर्नाटका एक्सप्रेस, 12707-12708 आंध्रप्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को शामिल किया गया है।
मॉनीटिरिंग करेंगे ट्रेन कैप्टन
ट्रेनों में लगी वेंडिंग मशीनों में रीफिलिंग की मॉनीटरिंग ट्रेन कैप्टन करेंगे। खत्म होने पर मशीनों में नेपकिन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। बता दें लंबी दूरी की ट्रेनों में इस तरह की उपलब्धता नहीं होने की वजह से महिला यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्टेशनों पर भी उन्हें यह सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती, इसलिए ट्रेनों में ही वेडिंग मशीनें लगाने का निर्णय लिया गया है।
जल्द होगी शुरूआत
ट्रेनों में सेनेटरी नैपकिन मशीन लगाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसमें झांसी से गुजरने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं। इससे सफर के दौरान महिलाओं को आसानी से नेपकिन पैड उपलब्ध हो सकेंगे।
- मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी