रेलमंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की भर्ती में अब महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। बिहार के एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे गोयल ने रेलवे की कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के प्रति आरपीएफ का कार्य सराहनीय है। सरकार आरपीएफ की भर्ती में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देगी। सुरक्षा के मद्देनजर सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। जीएसटी को सही तरीके से बिहार में लागू किया गया है। इसके लिए नीतीश कुमार और सुशील मोदी समेत पूरी सरकार बधाई की पात्र है। बिहार में बिजली के क्षेत्र में भी तेजी से विकास हो रहा है। बिहार को अंधकार में भेजने वाले अब सरकार से बाहर हो गए हैं।
पटना-दीघा रेलखंड की जमीन बिहार सरकार को सौंपते हुए रेलमंत्री ने कहा कि पटना घाट - पटना साहिब रेलखंड की जमीन भी जल्द बिहार सरकार को दी जाएगी। डालमिया नगर में 600 करोड़ रुपये का पीओएच बनाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। साथ ही 10 महीने के भीतर कोसी ब्रिज का काम भी पूरा होगा।